एक बार मोदी-राहुल बहस होनी ही चाहिए… कौशल किशोर चतुर्वेदी।

एक बार मोदी-राहुल बहस होनी ही चाहिए…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे पर राहुल गांधी ने निशाना साधा है और फिर से बहस की चुनौती दी है। दूसरी तरफ भाजपा राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए हमेशा ही यह चुनौती देती रहती है कि राहुल को जो बहस करनी है वह संसद के सत्र में क्यों नहीं करते? हालांकि यह सभी को मालूम है कि ऐसी राजनीतिक बहसों का कोई आधार नहीं होता। लेकिन यह बात भी तय है कि जब तक यह बहस नहीं होती तब तक बहस की बात तो चलती ही रहेगी।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी को एक बार फिर बहस की चुनौती दी है। पीएम मोदी ने 8 नवंबर 2026 को बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। इस दौैरान अपने संबोधन में उन्होंने जो बातें कहीं उससे राहुल गांधी आहत नजर आ रहे हैं। राहुल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि जवानों को पीएम के झूठ पर भरोसा नहीं है। प्रधानमंत्री ने हमें नक्सली कहा। देशद्रोही कौन है? इस पर प्रधानमंत्री बहस करें। राहुल गांधी ने जवानों को लेकर दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है। प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं को नक्सली कहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि देशद्रोही कौन है, इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को बहस करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें नक्सली कहा।
दरअसल, पीएम मोदी ने दीपावली के दिन छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे का जिक्र किया। उन्होंने नक्सलवाद को खत्म करने को लेकर पहले की सरकारों के उदासीन रवैये का भी उल्लेख किया। उन्होंने पहले की सरकारों के कार्य और राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि भले ही हथियारबंद माओवादियों का सफाया हो गया है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों सहित कई संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। हालांकि, राहुल गांधी भी यह जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी कहा वह भी पहली बार नहीं कहा है। और भाजपा कहीं न कहीं इस दिमागी नक्सली जैसे आरोप को जनता के सामने बार-बार लाती रही है।
और ऐसा नहीं है कि राहुल गांधी पहली बार पीएम मोदी को बहस की चुनौती दे रहे हैं। वे इससे पहले भी कई बार चुनौती दे चुके हैं। 2024 का लोकसभा चुनाव हो या फिर राफेल का मुद्दा। राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी को बहस के लिए चैलेंज करते रहे। 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान तो पीएम मोदी ने राहुल की इस चुनौती का जवाब भी दिया था और कहा था कि वह एक ही स्क्रिप्ट बार-बार पढ़ रहे हैं। 2018 में राहुल गांधी ने राफेल मुद्दे पर यह दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी उनके सवालों के आगे एक सेकेंड भी नहीं ठहर पाएंगे।
तो यह बात सभी के सामने है कि कथित आरोपों और बहस का यह खेल शायद लोकतंत्र का एक हिस्सा बन चुका है। बात मोदी या राहुल के समय की हो या फिर राजीव गांधी-वीपी सिंह के समय की हो या फिर उससे कहीं पहले इन्दिरा और समूचे विपक्ष के समय की रही हो… राजनीति में आरोप और बहस की चुनौतियां हमेशा से ही दी जाती रही हैं। और शायद ही कभी पहले बहस हुई हो या कभी बाद में होती दिखाई दे। बहत्तर तो यही है कि संसद में ही बहस की यह औपचारिकता ऑन रिकॉर्ड पूरी हो सके… सड़क पर नहीं तो कम से कम संसद में एक बार जरूर मोदी-राहुल के बीच खुली बहस होनी ही चाहिए…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *