सागर। जिले के मालथौन विकासखंड की प्राथमिक शाला गीदा में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्कूल में बच्चों को परोसी गई दाल में इल्लियां मिलने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्व-सहायता समूह का अनुबंध अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत प्राथमिक शाला गीदा में बच्चों को मध्यान्ह भोजन वितरित किया जा रहा था। इसी दौरान परोसी गई दाल में इल्लियां दिखाई दीं। समय रहते मामला सामने आने से बच्चों ने भोजन नहीं किया, जिससे संभावित अनहोनी टल गई। बताया गया है कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का संचालन सोना महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित समूह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र मालथौन ने सोना महिला स्व-सहायता समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। प्रारंभिक जांच में मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन में अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के तथ्य सामने आने पर समूह का अनुबंध तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है। जारी नोटिस में समूह को तीन दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि मध्यान्ह भोजन वितरण में इस प्रकार की लापरवाही अनुबंध की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है। यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो नियमानुसार समूह का अनुबंध स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।