शान्ताउ में हैरान करने वाली घटना: महिला ने बालकनी से उड़ाए हजारों डॉलर, सड़क पर मची लूट जैसी अफरा-तफरी

चीन के गुआंगडोंग प्रांत के शान्ताउ शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

यहां एक महिला ने हाईराइज इमारत की बालकनी से बड़ी मात्रा में नकदी नीचे फेंक दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना लोंगहू जिले के स्टार लेक सिटी रिहायशी कॉम्प्लेक्स में सुबह करीब 9 बजे हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला अपने अपार्टमेंट की बालकनी से मुट्ठी भर-भरकर 1,000 हांगकांग डॉलर के नोट नीचे फेंक रही थी। जैसे ही नोट जमीन पर गिरे, राहगीर और आसपास मौजूद लोग उन्हें उठाने के लिए दौड़ पड़े।

कुछ लोगों ने दावा किया कि वे कई नोट बटोरने में सफल रहे। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

शुरुआती रिपोर्टों में इसे पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें गुस्से में आकर महिला ने पैसे बाहर फेंक दिए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, स्टार लेक सिटी के प्रॉपर्टी मैनेजमेंट ऑफिस ने पुष्टि की कि कॉम्प्लेक्स में रहने वाली एक महिला ने अज्ञात कारणों से यह कदम उठाया।

बताया गया कि कुछ ईमानदार निवासियों ने उठाए गए पैसे वापस भी कर दिए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *