
अंकित सोनी
गुना में कार से 1 करोड़ रुपए की नकदी मिलने और उसे छोड़ने के लिए 20 लाख रुपए के कथित लेन-देन के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार को एसपी अंकित सोनी को हटा दिया। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया है। उनकी जगह 2017 बैच की ही आईपीएस हितिका वसल को नया एसपी नियुक्त किया गया हैवह गुना की पहली महिला एसपी होंगी।
इधर, मामले की जांच आईपीएस आयुष जाखड़ (एसडीओपी, करैरा) को सौंपी गई है। उन्हें तीन दिन में प्रारंभिक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। वे गुना में ही डेरा डालकर जांच कर रहे हैं। बता दें कि 19 मार्च को धरनावदा थाने की पुलिस ने गुजरात से जुड़े एक व्यापारी की कार से करीब 1 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे। बताया जा रहा है कि व्यापारी को छोड़ने के बदले 20 लाख रुपए में डील हुई। बताया जा रहा है कि व्यापारी गुजरात के एक आईपीएस का रिश्तेदार था। आईपीएस के दखल के बाद पुलिस को 20 लाख रुपए भी लौटाने पड़े। इस मामले में चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता का पता ही नहीं, गाड़ी नंबर से तलाश मामले में अब तक कोई फरियादी सामने नहीं आया है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। कथित तौर पर जो राशि रिश्वत में ली गई वह लौटाई जा चुकी है यदि शिकायतकर्ता मिल गया तो सीधे कार्रवाई हो सकेगी। लेकिन, यदि शिकायतकर्ता मामला दर्ज कराने तैयार नहीं होता है तब भी चारों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध ही है।
सीएम के निरीक्षण के बाद कार्रवाई
दफ्तर में न बैठने, फोन न उठाने वाले सीधी कलेक्टर को हटाया
दफ्तर में नहीं बैठने, लोगों से नहीं मिलने और विधायक-सांसद के फोन नहीं उठाने वाले सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी (2012 बैच) को रविवार को हटा दिया गया। उनकी जगह 2013 बैच के विकास मिश्रा को नया कलेक्टर बनाया गया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे रविवार को आकस्मिक निरीक्षण पर सीधी गए। जनता एवं जनप्रतिनिधियों की शिकायतों, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा एवं फीडबैक के आधार पर कलेक्टर सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाया गया। सोमवंशी को आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का आयुक्त पदस्थ किया गया है। विकास मिश्रा सीएम के अपर सचिव के साथ सांख्यिकी विभाग देख रहे थे।
जिला सहकारी बैंक के एमडी को भी हटाया…
सीएम ने जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी निलंबित कर दिया गया। सीएम ने लिखा कि अधिकारी जहां काम कर रहे हैं, उनको जवाबदारी से काम करना होगा।