भोपाल के कटारा हिल्स में रिटायर्ड जज की गर्भवती बहू ट्विशा शर्मा ने लगाई फांसी, आखिरी कॉल में मेजर भाई से बोली- “अब बर्दाश्त नहीं होता”, मायके पक्ष ने पति-सास पर प्रताड़ना के लगाए आरोप

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रिटायर्ड महिला जज की प्रेग्नेंट बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी के हाथ और कान पर चोट के नीले निशान हैं

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ने फांसी लगाई।

मृतक की पहचान 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा के रूप में हुई। ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील सामर्थ शर्मा से हुई थी।ट्विशा का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर है। उसने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा ने उन्हें फोन किया था। कहा था कि उसका पति पिछले 8 दिन से प्रताड़ित कर रहा था। छोटी-छोटी बातों पर उसका अपमान किया जा रहा है। मानसिक उत्पीड़न बढ़ गया है।

उसने बताया था कि वह भोपाल छोड़कर मायके लौटना चाहती है। परिवार के अनुसार, उसने नोएडा आने के लिए रिजर्वेशन भी करा लिया था, लेकिन इससे पहले उसकी मौत की खबर आ गई।

ये तस्वीर मृतक ट्विशा शर्मा की है।

सास ने मायके वालों को कॉल से दी मौत की खबर

परिजन का आरोप है कि फोन पर बात होने के कुछ समय बाद सास का कॉल आया। सास ने बताया कि ट्विशा की मौत हो चुकी है और उसने घर में फांसी लगा ली है। इसके बाद मायके वाले भोपाल पहुंचे।

जॉब छोड़ने के बाद नाकारा कहते थे

मेजर हर्षित का आरोप है कि शादी के शुरुआती समय तक सब सामान्य था। नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा के साथ व्यवहार बदल गया। उसे “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। परिवार और उसकी परवरिश को लेकर भी अपमानित किया जाता था। इसकी वजह से वह डिप्रेशन में थी।

उन्होंने बताया कि शादी के बाद भोपाल में रहना था, इस कारण ट्विशा ने नौकरी छोड़ी थी। यहां आने के बाद वह अन्य जॉब नहीं करना चाहती थी। इसी बात पर पति विवाद करता था।

मॉर्च्यूरी के बाहर ट्विशा शर्मा के परिजन।

अनप्लांड प्रेग्नेंसी को लेकर भी तनाव

मामले में एक और पहलू सामने आया है। भाई के मुताबिक, मार्च में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। परिवार का दावा है कि ट्विशा उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था।परिजन ने आरोप लगाया कि पति इस बात को लेकर भी उसे ताने देता था। कथित तौर पर यह भी कहा जाता था कि “बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो।” परिवार का कहना है कि इस तरह की बातें ट्विशा को अंदर से तोड़ रही थीं।

घर से सुसाइड नोट नहीं मिला

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा के साथ मारपीट होती थी। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर की तलाशी में भी कोई नोट बरामद नहीं हुआ।घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बुधवार को मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

पुलिस बोली- बयानों के बाद होगी कार्रवाई

कटारा हिल्स थाने के प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि घटना के समय पति और सास दोनों घर में थे। वही ट्विशा को फंदे से उतारने के बाद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात 11 बजे अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *