पार्टी को हाईटेक बनाने में ठाकरे की मंशा पर खरे उतरते कुशल संगठक विष्णु…कौशल किशोर चतुर्वेदी

पार्टी को हाईटेक बनाने में ठाकरे की मंशा पर खरे उतरते कुशल संगठक विष्णु…

बीसवीं सदी में मध्यप्रदेश में भाजपा को मजबूत करने में पार्टी के पितृ पुरुष कुशाभाऊ ठाकरे ने खून-पसीना एक कर आदर्श संगठन स्थापित किया था। तो इक्कीसवीं सदी में मध्यप्रदेश भाजपा को हाईटेक बनाने में पार्टी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा कुशल संगठक के रूप में ठाकरे की मंशा पर खरे उतर रहे हैं। प्रदेश के 100 प्रतिशत बूथ समितियों के गठन और डिजिटलाइजेशन का काम पूरा कर विष्णु के नेतृत्व में भाजपा ने कीर्तिमान रच दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने इस सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के इन प्रयासों और परिश्रम की राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी सराहना की है और उन्हें बधाई दी है। संगठन पर्व में इतिहास रच रहे पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण और यह कीर्तिमान वास्तव में सराहना के योग्य है। तो विष्णुदत्त शर्मा का यह नेतृत्व भी मध्यप्रदेश भाजपा के इतिहास में दर्ज हो रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश में 2 सितम्बर और मध्यप्रदेश में 3 सितम्बर से पार्टी के संगठन पर्व की शुरुआत हुई थी। शुरुआत से ही प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने संगठन पर्व के प्रति अभूतपूर्व उत्साह दिखाया। चाहे प्राथमिक सदस्यता की बात हो या सक्रिय सदस्यता की, पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर बार लक्ष्य से अधिक काम किया है। प्रदेश के कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने पूरी गुणवत्ता और संपूर्णता के साथ समय सीमा में 100 प्रतिशत बूथ समितियों के गठन को संभव कर दिखाया। ये समितियां सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी हैं। इनमें सभी जाति, वर्ग और आयु समूह के लोगों को शामिल किया गया है। सबसे प्रमुख बात यह है कि महिला सशक्तीकरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प की पूर्ति में योगदान देते हुए बूथ समितियों में भी 33 प्रतिशत महिला कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। बूथ समितियों के गठन के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने तमाम परेशानियों के बावजूद 100 प्रतिशत बूथ समितियों के डिजिटलाइजेशन को भी पूरा कर दिखाया, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस दौरान विभिन्न नवाचारों के जरिए संगठन के रचनात्मक कार्यों को धरातल पर उतारकर हमारे संगठन ने आदर्श स्थापित किए हैं। विभिन्न जिम्मेदारियों को संभाल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों के उत्साह से यह स्पष्ट हो चुका है कि इस बार मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी हर मापदंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रचने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व में कठिन परिश्रम कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संगठन पर्व में 65,015 बूथों में से 55,559 बूथों में बूथ अध्यक्ष सहित पूरी बूथ समितियों का गठन कर देश में इतिहास बनाने पर कार्यकर्ताओं की सराहना की गई थी। विधानसभा के उपचुनाव और महाराष्ट्र, झारखंड चुनाव में कार्यकर्ताओं के जाने से जो 10 प्रतिशत बूथ समितियां नहीं बन पाई थीं, वहां भी बूथ समितियों का गठन कर भाजपा ने साबित कर दिया है कि मध्यप्रदेश भाजपा संगठन की बराबरी कोई नहीं कर सकता। भाजपा के दूसरे राज्यों और राष्ट्रीय संगठन भी मध्यप्रदेश भाजपा संगठन की मुक्त कंठ से सराहना करते हैं। तो विष्णु दत्त शर्मा हर उपलब्धि पर कहते हैं कि हम सबको मिलकर एक आदर्श संगठन का निर्माण करना है। उनका विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में मंडल और बूथ अध्यक्ष अहम एजेंसी है और यही हमारी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी विदेश यात्रा से लौटकर संगठन की इस उपलब्धि की ट्वीट कर मुक्त कंठ से सराहना की है। उन्होंने लिखा है कि ‘धन्यवाद माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और आपके कुशल नेतृत्व में भाजपा एमपी ने संगठन पर्व के अंतर्गत 100% बूथों का डिजिटलाइजेशन कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।यह सफलता हमारे सभी बूथ कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी पूरी निष्ठा से कार्यरत रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष श्री वी. डी. शर्मा जी और भाजपा, मध्यप्रदेश के पूरे संगठन को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!

तो यह उपलब्धि मध्यप्रदेश भाजपा की है और यह उपलब्धि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की है। तो यह उपलब्धि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की है, जिनके नेतृत्व में पार्टी कुशाभाऊ ठाकरे की उम्मीदों पर खरा उतरकर हाईटेक भाजपा में बदल गई है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *