“तुम दोनों मर जाओ, सुबह न्यूज में खबर आनी चाहिए”: ग्वालियर स्पाई कैमरा कांड के आरोपी प्रेमी युगल ने सांक नदी में कूदकर दी जान, मौत से पहले 4 वीडियो में परिवार को ठहराया जिम्मेदार

ग्वालियर के बहुचर्चित स्पाई कैमरा ब्लैकमेलिंग मामले से जुड़े एक प्रेमी जोड़े ने 1 जून को सांक नदी के पुराने पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली

सांक नदी में मिला था प्रेमी जोड़े का शव। दोनों के हाथ गमछे से बंधे हुए थे।

नदी में छलांग लगाने से पहले मृतक भूपेंद्र धाकड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर चार वीडियो अपलोड किए थे। इनमें भूपेंद्र और उसकी प्रेमिका राधा चौबे ने अपनी मौत के लिए अपने ही परिवार के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया है।

एक वीडियो में भूपेंद्र कह रहा है- मैं भूपेंद्र धाकड़, कैलारस का रहने वाला हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे पिता और मेरी पत्नी सरस्वती हैं, जो मुझ पर सोना चोरी करने का झूठा इल्जाम लगा रहे हैं।मुझ पर पहले भी झुमकी चोरी का झूठा आरोप लगाया गया था, जो सोना मैंने बैंक में गिरवी रखा था, वह होटल के काम के लिए घरवालों ने ही मुझे दिया था।

प्रेमिका बोली- मौत की जिम्मेदार भूपेंद्र की फैमिली

एक अन्य वीडियो में भूपेंद्र की प्रेमिका राधा चौबे ने रोते हुए कहा- हम पर सोना चोरी का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। भूपेंद्र के भाई पवन ने हमसे कहा था कि तुम दोनों मर जाओ और सुबह न्यूज़ में तुम्हारे मरने की खबर आनी चाहिए। हमारी इस मौत की पूरी जिम्मेदार भूपेंद्र की फैमिली ही है।

पहला वीडियो

पहला वीडियो लगभग 36 सेकंड का है।

इसमें भूपेंद्र कह रहा है- मेरी मौत का कारण मेरा बाप और मेरी वाइफ सरस्वती है, जो मुझ पर सोना चोरी करने का झूठा इल्जाम लगाते हैं।

दूसरा वीडियो

दूसरा वीडियो 11 सेकंड का है।

इसमें भूपेंद्र कहता है- मुझ पर झूठा इल्जाम लगाते हैं चोरी का, जबकि पवन चोरी कर लेता है। उसने पहले मेरे पैसे तक निकाल लिए।

तीसरा वीडियो

तीसरा वीडियो 14 सेकंड का है।

इसमें भूपेंद्र की प्रेमिका राधा कहती है- सोना चोरी का झूठा इल्जाम लगाया है। पवन…इसका भाई बोल रहा है कि दोनों मर ही जाना और सुबह न्यूज में खबर आना चाहिए मरने की। हमारी मौत का कारण इसकी फैमिली है।

चौथा वीडियो

चौथा वीडियो 38 सेकंड का है।

इसमें भूपेंद्र धाकड़ कहता है- मुझ पर झूठा इल्जाम लगाते हैं। इससे पहले झुमकी चोरी का इल्जाम लगाया। पहले छोटी चाची पर इल्जाम लगाते रहे। फिर मुझ पर लगा दिया कि मैंने पूरा सोना चोरी किया है, जबकि वह सरस्वती और मेरे घरवालों ने दिया था। होटल के लिए बैंक में गिरवी रखने।

दोनों 2 साल से प्रेम संबंध में थे

भूपेंद्र और राधा करीब दो साल से प्रेम संबंध में थे। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों साथ रह रहे थे।

दोनों ने मंदिर में शादी की थी। हालांकि, दोनों परिवार इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। प्रेम संबंध को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी।

पिता को फोन कर कहा- तुम्हें अभी बताता हूं, फिर बना लिया वीडियो

भूपेंद्र के पिता राजेंद्र धाकड़ के मुताबिक, भूपेंद्र सोमवार दोपहर राधा को लेकर नूराबाद पुल पहुंचा था। वहां उसने राधा की मांग में सिंदूर भरा। फिर मुझे फोन किया।

मैंने उस पर पत्नी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर कराने की बात कही। इस पर भूपेंद्र ने कहा– तुम्हें अभी बताता हूं। इसके बाद उसने वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें मुझे और अपने भाई को मौत का जिम्मेदार ठहराया।

पिता के 5 लाख से खोला होटल, फिर राधा के संपर्क में आया

परिजनों के अनुसार भूपेंद्र ने करीब तीन साल पहले पिता से 5 लाख रुपए लेकर जौरा में होटल शुरू किया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात राधा से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में परिवार ने भूपेंद्र की शादी सरस्वती से करा दी, जिससे उसकी एक बेटी भी है। इसके बावजूद वह राधा के संपर्क में बना रहा।

स्पाई कैमरा ब्लैकमेलिंग केस में थे आरोपी

अगस्त 2025 में ग्वालियर पुलिस ने स्पाई कैमरा और ब्लैकमेलिंग मामले में भूपेंद्र और राधा को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान मोबाइल फोन से कई कपल्स के वीडियो मिलने का दावा किया गया था। दोनों जेल भी गए थे और कुछ समय पहले ही बाहर आए थे।

नदी से मिले दोनों के हाथ बंधे हुए शव

भूपेंद्र धाकड़ (कैलारस, मुरैना) और राधा चौबे (दतिया) के शव सोमवार दोपहर सांक नदी से बरामद किए गए। दोनों के हाथ गमछे से बंधे हुए थे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *