डबरा में 50 स्टूडेंट से भरी स्कूल बस के ड्राइवर पर 4 फायर, कार हटाने की बात पर भड़के युवक; चेहरे पर लगे छर्रे

ग्वालियर जिले के डबरा में कार सवार दो युवकों ने स्कूल बस ड्राइवर पर फायरिंग कर दी। ड्राइवर घायल हो गया। वारदात के वक्त टेकनपुर स्थित ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की इस बस में करीब 50 स्टूडेंट थे।

सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित हैं। ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिछोर पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस बड़ी अकबई गांव के पास पहुंची। यहां सड़क के बीच स्विफ्ट कार खड़ी थी। बस ड्राइवर खेम सिंह ने हेल्पर को भेजकर कार सवार युवकों से गाड़ी हटाने के लिए कहा।

इस पर युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर कार हटाने से मना कर दिया। इसके बाद खेम सिंह बस से उतरा और कहा कि वे धक्का देकर कार सड़क के बीच से हटा दें। इस पर युवक भड़क गए।उनमें से एक ने जेब से कट्‌टा निकालकर 4 फायर कर दिए। इनके छर्रे खेम सिंह की आंख के पास और गाल पर लगे। वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद युवक भाग निकले।

देखिए, तीन तस्वीरें…

बस को थाने में खड़ा किया गया है। बच्चों को परिजन के साथ भेज दिया गया है।

वारदात की जानकारी मिलते ही डबरा में अस्पताल के बाहर भीड़ लग गई।

पुलिस ने घायल ड्राइवर का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार के पिछले शीशे पर गुर्जर लिखा था

पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने कहा- डबरा के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद खेम सिंह को ग्वालियर रेफर किया गया है। उसने बताया है कि कार के सभी शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। पिछले शीशे पर ‘गुर्जर’ लिखा था।

SDOP सौरभ कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, एक स्टूडेंट बोला- जिसने गोली चलाई, उसके बड़े-बड़े बाल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *