ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा मौत मामले में कारोबारी दोस्त दीपक खंडेलवाल का सरेंडर: पत्नी-बच्चों से पूछताछ के बाद पहुंचा थाने, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद FIR पर होगा फैसला

इंदौर के ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा मौत मामले में कारोबारी दीपक खंडेलवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की तहकीकात कर रही तिलक नगर पुलिस ने खंडेलवाल की पत्नी और बच्चों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसके बाद ही फरार चल रहा खंडेलवाल सरेंडर करने पहुंचा।

ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की लाश इंदौर के तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल के कमरे में मिली थी।

हालांकि, पुलिस की तरफ से बताया गया है कि दीपक खंडेलवाल को शुक्रवार देर रात बायपास इलाके से हिरासत में लिया गया है। बता दें कि सोनिला की मौत के बाद दीपक फरार चल रहा था। सुराग पाने के लिए पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्चों से पूछताछ की थी।

पत्नी ने पुलिस को बताया था कि उसका दीपक से संपर्क नहीं हो रहा है। इस पर पुलिस ने उसे जरूरत पड़ने पर थाना बुलाने की बात कही थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है, लेकिन अभी मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद FIR दर्ज करने को लेकर फैसला हो सकता है।

होटल के स्टाफ से कहा था- दोस्त की तबीयत खराब है

दरअसल, 9 सितंबर को इंदौर के तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल के कमरे में 32 वर्षीय ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की मौत हो गई थी। सुंदर नगर निवासी सोनिला, पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने कमरा किराए पर लिया था।कुछ घंटे बाद दीपक कमरे से निकलकर होटल स्टाफ के पास पहुंचा। उसने कहा- मेरी दोस्त की तबीयत खराब है। उसे अस्पताल ले जाना है।इसके बाद दीपक सोनिला को अक्षत अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दीपक फरार हो गया।

पाइप व्यापारी दीपक खंडेलवाल, सोनिला शर्मा के साथ होटल आया था।

पति से अलग रहती थी सोनिला, दो बेटियां हैं

सोनिला के पिता प्रदीप शर्मा ने पुलिस को बताया था कि वह पिंक सिटी पार्लर में काम करती थी। इसी पार्लर में उसकी दीपक खंडेलवाल से पहचान हुई थी। दीपक पहले भी दो बार सोनाली के घर आ चुका था।सोनिला अपने पति संजय से अलग रहती थी। पेशे से ड्राइवर संजय मूल रूप से ब्यावरा का रहने वाला है। सोनिला की 14 और 8 साल की दो बेटियां हैं।

सोनिला की डेडबॉडी होटल के कमरे में बिस्तर पर मिली थी।

पत्नी को सोनिला से दोस्ती की जानकारी थी

पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक की पत्नी को सोनिला से उसकी दोस्ती की जानकारी थी। इसे लेकर दीपक के घर में विवाद भी हुआ था। इसके बाद दीपक ने सोनिला से बातचीत बंद कर दी थी।बाद में दोनों के बीच फिर मुलाकात की बात हुई और वे होटल एलेक्स पहुंचे थे। यहीं सोनिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सोनिला के पिता को कॉल के बाद भागा था दीपक

जानकारी के मुताबिक, सोनिला की मौत के बाद दीपक ने उसके पिता प्रदीप को कॉल किया था। परिजन ने कथित तौर पर उसे धमकाया, जिसके बाद वह डरकर वहां से चला गया। पुलिस ने अभी सोनिला के परिजन के बयान दर्ज नहीं किए हैं।फिलहाल, पुलिस को दीपक से पूछताछ में घटनाक्रम की स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *