ट्यूनीशिया में गर्मियों की छुट्टियां मनाने जा रहे यात्रियों के लिए उस समय हालात डरावने हो गए, जब तुर्किश एयरलाइंस की एक फ्लाइट खराब मौसम के बीच लैंडिंग की बार-बार कोशिश के बाद अचानक नीचे जाने लगी. इस प्लेन ने तुर्की के इस्तांबुल से उड़ान भरी थी और ट्यूनीशिया की राजधानी ट्यूनिस में उतरने वाला था. लेकिन खराब मौसम के कारण फ्लाइट TK 661 को तेज झटकों यानी बड़े टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा.

यह घटना पिछले हफ्ते ट्यूनिस-कार्थेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुई. प्लेन जब एयरपोर्ट के करीब पहुंच रहा था, तभी उसे तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. इससे प्लेन जोर-जोर से हिलने लगा और यात्रियों में डर फैल गया. मरीना मैस्काया नाम की एक पैसेंजर ने इंस्टाग्राम पर इस डरावने सफर का वीडियो शेयर किया. वीडियो में पैसेंजर अपनी सीटों को कसकर पकड़े हुए नजर आ रहे हैं. खराब मौसम के कारण प्लेन बुरी तरह हिल रहा था और सामान्य तरीके से चल रही यात्रा अचानक डरावने अनुभव में बदल गई.
मैस्काया ने कैमरा अपने सामने लगी स्क्रीन की तरफ किया. स्क्रीन पर फ्लाइट के रडार से जुड़ी जानकारी दिखाई दे रही थी. इससे ऐसा लग रहा था कि प्लेन उतरने की कोशिश से पहले एक जगह के आसपास चक्कर लगा रहा था. मैस्काया ने कैप्शन में लिखा, “तुर्किश एयरलाइंस की ट्यूनीशिया जाने वाली फ्लाइट दिन में रवाना हुई थी. फ्लाइट का सफर शुरू में बिल्कुल नॉर्मल था. लेकिन जैसे ही हमने नीचे उतरना शुरू किया, हालात बेहद डरावने हो गए. मैंने अपनी जिंदगी में कभी अपनी जान को लेकर इतना डर महसूस नहीं किया था. मेरी मां भी मेरे साथ थीं.”
पैसेंजर ने बताया कि पायलट ने उसी एयरपोर्ट पर प्लेन उतारने की तीन बार कोशिश की, और हर बार प्लेन सीधे तूफान के बीच से गुजरा. उन्होंने लिखा, “हर बार प्लेन हमें बुरी तरह झकझोर रहा था. तीसरी कोशिश में तो प्लेन अचानक नीचे जाने लगा… मुझे पूरी तरह पता नहीं है, लेकिन एक समय ऐसा लगा कि पायलट चौथी बार भी वहीं उतरने की कोशिश करने वाला है और हमें फिर उसी तूफान से गुजरना पड़ेगा.”
उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद यात्रियों में और ज्यादा घबराहट फैल गई. लोग चिल्लाने लगे कि नहीं! किसी दूसरे देश में ले चलिए! किसी दूसरे एयरपोर्ट पर उतरिए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आखिरकार फ्लाइट को ट्यूनिस-कार्थेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया. प्लेन को ट्यूनिस से करीब 60 मील (लगभग 97 किलोमीटर) दक्षिण में मौजूद एनफिधा-हम्मामेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया. वहां प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग हुई.