देवास जिले के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत से परिवार और पैतृक गांव में मातम है। रविवार रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब तस्करों को रोकने के दौरान ट्रक चालक ने उन्हें कुचल दिया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब 2 घंटे तक CPR देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।
टीआई दिलीप पुरी के अंतिम संस्कार में परिजन से लेकर पुलिसकर्मी सभी की आंखें नम हो गईं।
सोमवार को धार जिले के उनके पैतृक गांव बरमंडल में पार्थिव देह तिरंगे में लिपटी पहुंची। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले खातेगांव थाने में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
दैनिक भास्कर ने गांव पहुंचकर उनके पिता, बहन, साले और दोस्त से बात की। सभी ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।
तीन तस्वीरें देखिए…

पैतृक गांव बरमंडल में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया दिलीप का शव।

राजकीय सम्मान के साथ दिलीप को अंतिम विदाई दी गई।

बहन बोली- हादसा होता तो दूसरे लोगों को भी चोट लगती
बहन दीपिका गोस्वामी भाई को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि हम तीन बहनें और दो भाई हैं। नवरात्र में दोनों भाई घर आए थे। दिलीप ने माता का पूजन किया और अगले दिन ड्यूटी के लिए लौट गए। अब हमारा भाई इस दुनिया में नहीं है।
दीपिका ने कहा- भाई की हत्या करने वाले को मौत की सजा मिलनी चाहिए। उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। इस घटना में शामिल माफिया और दूसरे लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। किसी को छोड़ा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने घटना को हादसा मानने पर भी सवाल उठाए। कहा कि अगर यह हादसा होता तो दूसरे लोगों को भी चोट लगती या नुकसान होता, लेकिन इस घटना में सिर्फ उनके भाई की जान गई।

‘पुलिसवाले सुरक्षित नहीं, आम लोगों की सुरक्षा कौन करेगा’
दीपिका ने कहा- दिलीप पुलिस में थे। इसके बावजूद उनके साथ ऐसा हुआ। जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों और उनके परिवारों की सुरक्षा कौन करेगा?
उन्होंने बताया कि दिलीप के दो बच्चे हैं। बेटी की उम्र करीब 17-18 साल और बेटे की 7-8 साल है। अब उनकी पढ़ाई और परवरिश की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। उन्होंने सरकार से बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण के लिए आर्थिक मदद मांगी। साथ ही पत्नी को नौकरी या पद देने की मांग की, ताकि वह बच्चों का भविष्य संभाल सके।

साले ने कहा- साजिशन बुलाकर हत्या की, सीबीआई जांच हो
दिलीप के साले संजय पुरी ने कहा कि परिवार को इस मामले में पूरा न्याय चाहिए। उन्हें आशंका है कि दिलीप को साजिश के तहत मौके पर बुलाकर हत्या की गई। उन्होंने मामले की CBI जांच कराने और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की बात भी कही।
दोस्त बोले- हमने ईमानदार और जांबाज साथी खो दिया
दिलीप के दोस्त पंकज विश्वकर्मा ने बताया कि वे बचपन से ही बुद्धिमान और चंचल स्वभाव के थे। TI बनने के बाद भी उनका व्यवहार नहीं बदला। वे बड़े भाई की तरह मार्गदर्शन करते थे। गांव में कोई काम होता तो लोग उनसे सलाह लेते थे। वे ड्यूटी को हमेशा प्राथमिकता देते थे। गांव आने पर भी ज्यादा समय नहीं दे पाते थे।
पंकज ने कहा कि हमने सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि ईमानदार और जांबाज साथी खोया है। नवरात्र में माता पूजन के दौरान उनसे आखिरी मुलाकात हुई थी, तब नहीं पता था कि वह आखिरी मुलाकात होगी।

विधायक ने न्यायिक जांच और मुआवजे की मांग की
सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने घटना को दुखद बताते हुए न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने की बात करती है, दूसरी ओर अवैध शराब रोकने गए पुलिस अधिकारी की हत्या हो जाती है। सरकार को बताना चाहिए कि कानून के रखवाले कब तक निशाना बनते रहेंगे।
उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा देने की मांग की।

पत्नी को SI पद, परिवार को 1 करोड़ रुपए की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलीप पुरी की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत SI पद देने और परिवार को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इधर, खातेगांव में पकड़ी गई शराब के बैच नंबर की शराब टिमरनी की दुकान में भी मिली है

DG बोले- शराब तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेंगे
सोमवार को पुलिस महानिदेशक (DG) उपेंद्र जैन घटना स्थल पहुंचे। उनके साथ ADG राकेश गुप्ता और DIG नवनीत भसीन भी मौजूद रहे। DG ने जांच की जानकारी लेते हुए कहा कि पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क की पहचान कर ली है।
शराब कहां से आई, कहां जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी कड़ियां सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
कांग्रेस नेता ने शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली
खातेगांव TI दिलीप पुरी की मौत के मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल को सोमवार देर रात इंदौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वे दिल्ली से लौटे थे। गिरफ्तारी के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी होने की बात कही है। इससे पहले वे शराब ठेके से संबंध होने से इनकार कर चुके थे।