The Kashmir Files: फिल्म देखकर थिएटर में रो पड़े लाल कृष्ण आडवाणी? जानें क्या है इस वायरल वीडियो की सच्चाई

विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में निर्देशक ने कश्मीरी पंडितों के उस दर्द दिखाया है, जो उन्होंने साल 1990 में कश्मीर घाटी में हुए नरसंहार के दौरान झेला था। इस फिल्म में कई ऐसे सीन्स को शामिल किया गया है, जिसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए। फिल्म को देखने के बाद हर शख्स की आंखें नम हैं। हर कोई सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी राय लिख रहा है। तो दूसरी तरफ कई वीडियोज भी सामने आए हैं, जिसमें लोग अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। इन सबके बीच सोशल मीडिया पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि आडवाणी द कश्मीर फाइल्स देखकर रो रहे हैं। बता दें कि एलके आडवाणी कश्मीर पर बनी फिल्म की स्क्रीनिंग में जरूर हैं लेकिन वह फिल्म द कश्मीर फाइल्स नहीं है। यहां जानिए क्या है सच।

 

इमोशनल दिखे लाल कृष्ण आडवाणी:-कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा पर फिल्म ‘कश्मीरी फाइल्स’ में कई सीन सुन्न कर देने वाले हैं। थिएटर्स में फिल्म देखने वाले बड़ी मुश्किल से अपने आंसू रोक पा रहे हैं। कई लोग फिल्म देखने के बाद भी काफी डिस्टर्ब हैं। सोशल मीडिया पर भी कश्मीरी पंडितों को भगाए जाने की घटना फिर से चर्चा में आ गई है। इस बीच बीजेपी लीडर लाल कृष्ण आडवाणी का एक वीडियो वायरल है। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान वह इमोशनल दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वह फिल्म देखने सिनेमाहॉल पहुंचे थे। सीन देखकर खुद को रोक नहीं पाए और रोने लगे। हालांकि यह दावा गलत है।

वीडियो में लाल कृष्ण आडवाणी फिल्म देखने के बाद उदास जरूर हैं। हालांकि यह फिल्म द कश्मीर फाइल्स नहीं बल्कि कश्मीर पर बनी फिल्म ‘शिकारा’ है। आडवाणी के पास विधु विनोद चोपड़ा दिखाई दे रहे हैं। फिल्म उन्हीं के डायरेक्शन में बनी थी। फिल्म भारत में कोरोना वायरस फैलने के पहले 7 फरवरी 2020 को रिलीज हुई थी। हालांकि शिकारा फ्लॉप रही थी। कई दर्शकों को लगा था कि फिल्म में कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा का हाइप देकर एक लव स्टोरी पर फोकस किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *