MP के DGP के पड़ोसी IAS विवेक पोरवाल के घर चोरी: भोपाल के VIP इलाके चार इमली में चंदन का पेड़ काटकर ले गए 3 चोर, बंगले में तैनात गार्ड को नहीं लगी भनक

मध्यप्रदेश के DGP कैलाश मकवाना के बंगले के बगल में स्थित IAS अधिकारी विवेक पोरवाल के घर चोरी हो गई। भोपाल के VIP इलाके चार इमली में चोर घर में लगा चंदन का पेड़ काटकर ले गए। वारदात के वक्त घर में गार्ड भी तैनात था, लेकिन उसे चोरी का पता नहीं चला।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, घटना सोमवार रात हबीबगंज थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब तीन लोग IAS अधिकारी के घर में घुसे और चंदन का पेड़ काटकर ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हबीबगंज पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय घर में गार्ड मौजूद था।

वारदात के समय गार्ड के सोने की आशंका

शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई है कि वारदात के दौरान गार्ड सो गया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि चोर घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और पेड़ काटकर ले जाने में कितना समय लगा। विवेक पोरवाल प्रमुख सचिव खनिज साधन विभाग के पद पर वर्तमान में पदस्थ हैं। इसके पहले राजस्व विभाग और लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं

VIP इलाकों में पहले भी हो चुकी हैं चोरी

चार इमली में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कई नेताओं के आवास हैं। इसके बावजूद यहां चोरी की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी VIP इलाकों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

इनमें IG इंटेलिजेंस के आवास के आसपास चोरी, भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले में चोरी और हाल ही में मंत्री विश्वास सारंग के बंगले में हुई चोरी की घटना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *