इंदौर । अरबिंदो का डॉक्टर पांचवी मंजिल से कूदा

इंदौर (Indore) के अरबिंदो मेडिकल कॉलेज के होस्टल में रहने वाले एक डॉक्टर ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। रात में सूचना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। डॉक्टर ने यहां दो माह पहले ही एडमिशन लिया था।

TI राजेन्द्र सोनी के मुताबिक घटना गुरुवार दोपहर की है। रात में थाने पर अरबिंदो अस्पताल के डॉक्टरों ने इसकी सूचना दी। कश्यप (26) पुत्र रमेश पाटीदार निवासी सुसारी ग्राम कुक्षी (धार) ने निजी सिद्धांत होस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। कश्यप ने विदेश से एमबीबीएस किया था। जिसके बाद वह इंदौर के अरबिंदो से ​​एमडी मेडिसिन की पढ़ाई कर रहा था। यहां वह फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि उसके साथ रूम में एक साथी भी रहता था, जो खाना खाने गया था। इस दौरान छात्र ने यह कदम उठा लिया कमरे में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

नीचे गिरा तब चल रही थीं सांसें, अरबिंदो में रात को दम तोड़ा:-पुलिस के मुताबिक होस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद कश्यप की सांसें चल रही थी। मौके पर मौजूद होस्टल के कर्मचारी और स्टूडेंट उसे लेकर अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। यहां उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टर देर रात तक उसका उपचार करते रहे। गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कश्यप का मोबाइल जब्त कर लिया है।

दीवार पर मिले जूतों के निशान, कमरा सील:-पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होस्टल के रूम की जांच की। यहां पुलिस को कश्यप के जूतों के निशान दीवार पर मिले हैं। कपड़ों से कुछ कागज भी मिले हैं, जो दिन के समय ड्यूटी के थे। दोस्त और परिवार ने भी अपने बयान में किसी तरह की परेशानी को लेकर जिक्र नहीं किया है। इनका कहना है कि उसने कभी किसी से विवाद या झगड़े की बात नहीं कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *