
भारतीय स्टेट बैंक के खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है. अब वह कई काम बगैर बैंक के चक्कर लगाए पूरे कर सकेंगे. ग्राहकों की सुविधा के लिए भारत के सबसे बड़े बैंक ने 2 टोल फ्री नंबर जारी किए हैं. इसकी मदद से आप घर बैठे 5 बेहद महत्वपूर्ण काम पूरे कर सकेंगे. कमाल की बात यह है कि ये दोनों नंबर हफ्ते के सातों दिन और 24 घंटे चालू रहेंगे.इसलिए आपको इन जरूरी कामों को पूरा करने के लिए रविवार को भी इंतजार नहीं करना पड़ेगा. एसबीआई ने एक ट्वीट कर इन 2 टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी है.
स्मार्टफोन के बगैर भी होगा काम
इन टोल फ्री नंबर्स का सर्वाधिक लाभ उन ग्राहकों को मिलेगा जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते. क्योंकि टोल फ्री नंबर पर कॉल कर कोई इन कार्यों को पूरा कर सकता है. एसबीआई ने ट्वीट कर 2 नंबर 18001234 और 18002100 जारी किए. ग्राहक इन नंबरों पर कॉल कर 5 तरह की बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.
किन सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे ग्राहक
एसबीआई के टोल फ्री नबंर्स से ग्राहक अपने अकाउंट बैलेंस और पिछली 5 ट्रांजेक्शन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. ग्राहक इन नंबर्स पर कॉल कर अपना कार्ड ब्लॉक और नए कार्ड के स्टेटस के बारे में पता कर सकते हैं. इसके अलावा वह चेक के डिस्पैच स्टेटस की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं. इन नंबर्स के जरिए ग्राहक टीडीएस कटौती से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं और इंटरेस्ट सार्टिफिकेट को ई-मेल के माध्यम से जमा कर सकते हैं. ग्राहक पुराना एटीएम ब्लॉक होने के बाद नए एटीएम के लिए भी आवेदन कर सकते हैं.