
सागर के सीरियल किलर को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सागर में चार हत्याएं करने के बाद आरोपी भोपाल आ गया था। उस पर अब तक छह हत्या करने का आरोप लग चुका है। पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं भोपाल में सोते हुए चौकीदार हत्या करते हुए वह सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गया था, जिसके वीडियो वायरल हो रहे थे।
बता दें कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह दबे पांव सो रहे व्यक्ति के पास पहुंचता है और उसके सिर पर तेज वार करता है। उसके बाद दो-तीन वार और करता है फिर वहीं बैठ जाता है। थोड़ी देर बाद छिप जाता है।
जानकारी के अनुसार सीरियल किलर सागर में 4 , भोपाल में 1 और पुणे में 1 चौकीदार की हत्या कर चुका है। सागर पुलिस ने बताया कि पुलिस ने लगातार मेहनत की है। कम समय में साक्ष्यों का एनालिसिस कर आरोपी तक पहुंचे हैं। वह कई जगह काम कर चुका है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
मृतक चौकीदार के मोबाइल से पकड़ाया
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नियमित ब्रीफिंग में बताया कि आरोपी सागर में तीसरी हत्या करने के बाद मृतक का मोबाइल लेकर आ गया था। उसकी लोकेशन से सागर पुलिस आरोपी का पीछा कर रही थी। आरोपी को पकड़ने से पहले उसने भोपाल में एक हत्या की। उसने पुलिस की पूछताछ में यह कबूल किया है। पुलिस शिनाख्त में उसकी बात सही साबित हुई। मिश्रा ने कहा कि सभी अंधे कत्ल थे। कठिन टास्क था। उन्होंने सागर पुलिस को बधाई दी। सागर पुलिस ने आरोपी को खजूरी सड़क थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पैसे और मोबाइल चोरी करने हत्या करता था। सागर पुलिस की तफ्तीश जारी है। जल्द ही वह इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर मामले का खुलासा करेगी।
रात में सोते चौकीदारों की ही करता था हत्या
सागर में सीरियल किलर ने 27 अगस्त को पहली हत्या की। कारखाने में चौकीदार कल्याण सिंह के सिर पर हथौड़े से वार किया। दूसरी हत्या आर्ट एंड कामर्स कॉलेज के चौकीदार की 29 अगस्त को हुई। शंभूदयाल दुबे के सिर पर सोते समय पत्थर पटक दिया। तीसरी हत्या एक निर्माणीधीन मकान के चौकीदार पर सोते समय फावड़े से वार कर की। मंगल अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक सितंबर की रात को भोपाल के बैरागढ़ में आरोपी ने मार्बल दुकान के चौकीदार की हत्या कर दी। आरोपी को सागर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।