WATCH VIDEO: Arshdeep Singh के कैच छोड़ने पर आगबबूला हुए Rohit Sharma, वीडियो में दिखा गुस्से वाला अवतार

एशिया कप 2022 के सुपर-4 में पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हराया. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 182 रनों का लक्ष्य का रखा. पाक टीम ने सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (71) और ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज (42) के दम पर भारतीय टीम को शिकस्त दी. हालांकि, एक समय भारतीय गेंदबाजों ने रिजवान और नवाज को आउट कर मैच में जोरदार वापसी की लेकिन अर्शदीप सिंह का एक कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ गया. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी अर्शदीप के कैच छोड़ने पर चिल्ला बैठे. सोशल मीडिया पर रोहित का रिएक्शन वायरल हो गया है.

 

दरअसल, 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद 148 के स्कोर पर अपने चार विकेट खो दिए थे। पाकिस्तान ने 17वें ओवर में जमकर खेल रहे मोहम्मद रिजवान का विकेट गंवा दिया था और मैच का मोमेंटम भारत की ओर शिफ्ट होने की संभावना थी। इस बीच 18वां ओवर रवि बिश्नोई फेंकने आए, जिन्होंने दबाव में कुछ गेंद वाइड फेंक दी। हालांकि, युवा बिश्नोई की तीसरी गेंद पर पाकिस्तानी बल्लेबाज आसिफ ने जोरदार शॉट लगाने का प्रयास किया और गेंद सीधे ऊपर उठती चली गई और अर्शदीप के लिए आसान सा कैच बना, जो उन्होंने छोड़ दिया। यह कैच बहुत आसान था और मैच उस वक्त रोचक परिस्थितियों में था। ऐसे में कप्तान रोहित ने अर्शदीप पर चिल्लाकर अपना गुस्सा दिखाया। सोशल मीडिया में रोहित की झल्लाहट का वीडियो वायरल हो रहा है।

वहीं आसिफ ने जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया और आठ गेंदों में 16 रनों की छोटी मगर महत्वपूर्ण पारी खेलकर जीत में अहम योगदान दिया। पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।

इससे पहले भारत ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद सात विकेट खोकर 181 रन बनाए। भारत से विराट कोहली ने 44 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान से मोहम्मद रिजवान ने 71 रन बनाए जबकि मध्यक्रम में मोहम्मद नवाज ने 20 गेंदों में 42 रनों की पारी खेलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुपर 4 में भारत अब अपना अगला मैच 6 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *