इंदौर। भाजपा में शामिल होने की खबरों को लेकर संजय शुक्ला ने कही ये बात

इंदौर की सियासत में फिर दलबदल के बयान सुर्खियों में है। इसकी वजह है कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला का एक बयान है। ये उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि ‘उनकी अयोध्या यात्रा पीएम मोदी को समर्पित है।’विधानसभा सीट नंबर 1 के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता 2018 में कांग्रेस के संजय शुक्ला से हार गए थे। दोनों की तल्ख बयानबाजी सुर्खियां बनती रही हैं। लेकिन अब गुप्ता ने कहा है कि ‘संजय शुक्ला यदि BJP में आते हैं तो उनका स्वागत है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। उनके आने पर पार्टी संगठन ही फैसला करेगा।’

मोदी को जन्मदिन पर बधाई, अयोध्या यात्रा पर भेजे जत्थे:-शुक्ला ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। इस माह में अपनी विधानसभा के लोगों को लेकर अयोध्या यात्रा पर गए। नगर निगम चुनाव के पहले भी उन्होंने अपनी ओर से कई जत्थे अयोध्या भेजे। इससे पहले भी वे कई बार कांग्रेस पार्टी की लीक से हटकर लोगों को राम मंदिर दर्शन और अयोध्या यात्रा करवा चुके हैं। हाल ही में महापौर चुनाव में उन्हें बड़ी हार झेलनी पड़ी। वे अपनी ही विधानसभा सीट से 20 हजार वोट से पिछड़ गए।

सुदर्शन गुप्ता ने कहा- भाजपा में आए तो उनका स्वागत, 22 विधायकों को मैं ही बेंगलुरु ले गया था:-शुक्ला के राजनीतिक प्रतिद्वंदी रहे भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता का कहना है कि वे भाजपा में आए तो उनका स्वागत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक नेता है। उनसे सभी लोग प्रभावित हो रहे हैं और अगर उनसे प्रभावित होकर अगर भाजपा में शामिल हो रहे हैं तो भाजपा में यह पार्टी-संगठन तय करता है। बातों ही बातों में गुप्ता यह भी कह गए कि पिछली बार कांग्रेस के जो 22 विधायक भाजपा में शामिल हुए थे, वे मेरे साथ ही बेंगलुरु गए थे। गुप्ता ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी-संगठन जो तय करता है वह शिरोधार्य होता है।

शुक्ला बोले; अफवाहों पर ध्यान न दें, मैं कांग्रेस के ही साथ:-उधर, संजय शुक्ला ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर बधाई देना और उनकी लिए लंबी आयु की कामना करना, यह कोई गलत नहीं किया मैंने। यह सब फालतू की अफवाहें उड़ रही हैं। कांग्रेस ने मुझे पार्षद का टिकट दिया, एनएसयूआई का अध्यक्ष बनाया, मुझे विधायक बनाया, महापौर का टिकट दिया, मैं कांग्रेस पार्टी में हूं और उसमें ही रहूंगा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है, लेकिन भाजपा का कोई ध्यान नहीं है। जो कुछ अच्छा हुआ तो उसे अपनी उपलब्धि बताती है। भाजपा का काम ही कांग्रेस को बदनाम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *