इंदौर। थाने में पिटा भाजपा पार्षद पति,VIDEO: पुलिस के सामने भीड़ ने घेरकर मारे लात-घूंसे – देखे वीडियो

शहर  में भाजपा की पार्षद के पति को भीड़ ने पुलिस थाने के परिसर में घेरकर जमकर पिटाई कर दी।एक महिला से विवाद के बाद पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया था। यहां विवाद और बढ़ गया। जिसके बाद महिला के साथ आए लोगों ने पार्षद पति की थाने में ही जमकर पिटाई कर दी।

 

राऊ थाने में गुरुवार को शाम चार बजे जमकर हंगामा हुआ। फोन पर महिला सफाईकर्मी से भाजपा पार्षद पति का विवाद हो गया था। महिला सफाईकर्मी अपने साथियों के साथ थाने पहुंची थी। यहां पुलिस ने मामला सुलझाने के लिए भाजपा पार्षद के पति संदीप चौहान को भी बुला लिया। थाने में मौजूद भीड़ ने उन्हें घेरकर पीट दिया। इसके चलते मामला सुलझने के बजाय विवाद और बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे पार्षद पति को छुड़ाया। सफाई कर्मचारियों ने थाने के बाहर नारेबाजी भी की।

चैनल गेट पर समझाइश के दौरान हाथा-पाई
राऊ नगर परिषद के वार्ड 13 से पार्षद सीमा चौहान के पति का संदीप का गुरुवार को महिला सफाई कर्मचारी से सफाई की बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद महिला ने दोपहर में पुलिस से शिकायत कर दी। उनके साथ अन्य लोग भी थाने पहुंचे थे। इधर पुलिस की सूचना पर पार्षद पति संदीप चौहान भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। इस दौरान थाने के गेट पर ही समझाइश का दौर चला। तभी अचानक बातों ही बातों में मामला गरमा गया और महिला सफाईकर्मी के साथियों ने पार्षद पति को घेरकर पीट दिया।

दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की बात
पुलिस के मौजूदा स्टाफ ने जैसे-तैसे भीड़ से पार्षद पति संदीप को छुड़ाया। बाद में समर्थकों की भीड़ भी थाने पर इकट्‌ठा हो गई। सूचना के बाद मामले में कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। जहां दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की बात की जा रही है।

सफाई में बोले पार्षद, कुछ लोग मेरे खिलाफ साजिश रच रहे
पिटाई के मामले में पार्षद के पति ने दैनिक भास्कर से चर्चा करते हुए कहा, मामले को बेवजह तूल दिया गया है। मेरी पत्नी ने चुनाव जीता है और ये पब्लिक ने जिताया है। मेरे वार्ड में ठीक से सफाई नहीं हो रही थी। इसके लेकर मैं लगातार कंप्लेन कर रहा था। ये सब ऑन रिकॉर्ड दर्ज है। हर चीज वॉट्सऐप ग्रुप पर उपलब्ध है। मेयर खुद इसे लेकर संज्ञान ले चुके है। कुछ लोग ग्रुप बनाकर मेरे खिलाफ साजिश रच रहे है। इसी वजह से ये घटनाक्रम हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *