इंदौर । एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर का सुसाइड नोट : सुसाइड नोट में लिखी ये बात

ये रिश्ता क्या कहलाता है सहित कई टीवी सीरियल में काम कर चुकी वैशाली ठक्कर ने इंदौर में अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वैशाली के पास एक डायरी में पांच पन्नों का सुसाइड नोट मिला है।सुसाइड नोट में राहुल नवलानी और उसकी पत्नी दिशा नवलानी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने इस दंपती पर धारा 306 (आत्महत्या के लिए मजबूर करने) का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी राहुल को रविवार को ही हिरासत में ले लिया था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने उसे घर से ही पकड़ा। पुलिस को जब सुसाइड नोट मिला, तब राहुल घर में ही था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पहले जान लीजिए वैशाली ठक्कर के बारे में
आपको याद होगी ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की संजना। या ‘ससुराल सिमर का’ शो वाली अंजलि भारद्वाज, जिसे निगेटिव रोल प्ले करने पर बेस्ट एक्ट्रेस इन नेगेटिव रोल का गोल्डन पेटल अवॉर्ड भी मिल चुका है। दर्शक वैशाली को सुपर सिस्टर, मनमोहिनी सीजन 2 में भी देख चुके हैं। उनका आखिरी सीरियल रक्षाबंधन था। वैशाली (29) पिता हरभजन सिंह ठक्कर, निवासी तेजाजी नगर ने शनिवार रात में इंदौर के सांई बाग स्थित घर में अपने ही दुपट्‌टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

अब जानिए सुसाइड नोट में क्यों राहुल को सजा दिलाने की बात कह गई वैशाली
पुलिस ने जो सुसाइड नोट वैशाली के घर से बरामद किया है, उसमें राहुल नवलानी का जिक्र है। वैशाली ने लिखा कि ‘राहुल ने मुझे परेशान कर रखा है। उसने मेरी दोस्ती का फायदा उठाया। मुझे राहुल ने इस कदर परेशान किया कि मुझे आत्महत्या करना पड़ रही है। राहुल ने धोखे से मेरे फोटो ले लिए। फिर ये फोटो-वीडियो मेरे मंगेतर अभिनंदन (NRI डॉक्टर-व्यवसायी) को भेज दिए। इसके बाद वैशाली-अभिनंदन की सगाई टूट गई थी। वैशाली ने डायरी के आखिरी पन्ने में लिखा है कि पापा-भाई आपसे बहुत प्यार है, लेकिन राहुल और उस लड़की को सजा दिला देना। सुसाइड नोट के एक पन्ने पर 2.5 साल से ज्यादा परेशान होने का जिक्र भी वैशाली ने किया है।

अब पुलिस क्या कर रही
पुलिस ने वैशाली का सुसाइड नोट, डायरी, मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में सबसे पहले बरामद सुसाइड नोट की सत्यता की जांच की जाएगी। हैंड राइटिंग एक्सपर्ट की भी मदद लेंगे। वैशाली ने सुसाइड नोट में जो आरोप लगाए हैं, पुलिस उनकी बारीकी से जांच कर एक-एक बिंदु को कन्फर्म करेगी। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ी तो परिजनों के अलावा जिन नामों का जिक्र सुसाइड नोट में है उनसे कानूनी रूप से पूछताछ भी की जाएगी। जब्त मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग और मैसेज की भी जांच की जाएगी। जो मैसेज या कॉल हिस्ट्री डिलीट कर दी गई है उसे भी रिस्टोर किया जाएगा।

वैशाली के  रिश्तेदार ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि वैशाली 2020 में लॉकडाउन के समय परिवार के पास इंदौर आ गई थी। तब से ही वह इंदौर में ही थी। कुछ रोल के लिए उसकी टीवी शो के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर से बातचीत जरूर चल रही थी, पर सब कुछ पाइप लाइन में ही था। वह पहले के सीरियल में काम कर चुके साथी कलाकारों से भी संपर्क में थी, ताकि किसी सीरियल में काम मिल जाए। कुछ समय से उसने घर से बाहर निकलना और दोस्तों के साथ आना-जाना भी बंद कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *