इंदौर: ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने दी हिदायत तो कार चालक ने कांस्टेबल के साथ की मारपीट

शहर में में एक शख्स द्वारा ट्रैफिक पुलिस कांसटेबल को पीटने का मामला सामने आया है। 31 साल के इस शख्स को कांस्टेबल ने गाड़ी के शीशे पर लगे रंगीन फिल्म को हटाने के लिए कहा था। घटना की जानकारी मंगलवार को खुद अधिकारियों ने दी। सोमवार शाम हुई इस घटना में शख्स ने देखा कि कांसटेबल को पीटने के दौरान अन्य पुलिसकर्मी उसके पास आ रहे हैं, तो उसने अपने ही सिर पर पत्थर से वार कर दिया।

भंवरकुआं पुलिस थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने कहा कि एक चौक पर वाहन जांच अभियान के दौरान, यातायात पुलिस की टीम ने एक स्पोट्र्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) को रोका, जिसकी विंडस्क्रीन और खिड़की के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी। जबकि यह फिल्म शीशे पर लगाना प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर के मोरार निवासी एसयूवी मालिक से रंगीन फिल्म को हटाने और नियमों का उल्लंघन करने की वजह से जुर्माना जमा करने को कहा गया।

अधिकारी ने कहा कि एसयूवी मालिक हिंसक हो गया और उसने कथित तौर पर एक पुलिस कांस्टेबल की पिटाई कर दी। उन्होंने कहा कि जब उस व्यक्ति ने अन्य पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देखा, तो सड़क पर पड़े पत्थर से अपने ही सिर पर वार कर लिया। चौरसिया ने कहा कि उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ पुलिस कर्मचारियों को धमकाने, पिटाई करने और सरकारी काम में बाधा डालने के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *