
जबलपुर में धरती हिलने से लोग सहम गए। सुबह आठ बजकर 44 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके लगने से लोग एकबारगी हैरान रह गए। ऊंची इमारतों में बैठे लोगों को इसका अहसास ज्यादा हुआ और स्पष्ट रूप से धरती के हिलने की बात एक-दूसरे से पूछते नजर आए।
थोड़ी देर बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप के झटके लगने की सूचना का आदान-प्रदान शुरू कर दिया। लोग यह समझने में लगे रहे कि यह सचमुच में भूकंप का झटका था या उन्हें कुछ भ्रांति हुई। उल्लेखनीय है कि जबलपुर भूकंप के संवेदनशील जोन के तहत आता है। यहां पर लगातार भूकंप के झटके लगते रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह रिक्टर स्केल पर करीब साढ़े चार की तीव्रता का भूकंप का झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र जबलपुर से 35 किलोमीटर मंडला रोड पर बताया गया है। इसके पहले वर्ष 1997 में भी भूकंप के तेज झटके लगे थे, उसका केंद्र भी मंडला रोड पर कोसमघाट के पास रहा।