इंदौर। साइको का आतंक,घर के बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़ों को फाड़ देता ये सिरफिरा आरोपी – देखिए वीडियो

इंदौर में एक अजीब मामला सामने आया है। शहर के वीणा नगर इलाके की रहने वाली महिलाओं ने कपड़े चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है। सबूत के तौर पर एक सीसीटीवी फुटेज भी महिलाओं ने पुलिस को दिया है जिसमें एक सनकी युवक कपड़े चुराते नजर आ रहा है। अजीब बात ये है कि ये सनकी युवक सिर्फ महिलाओं के कपड़े ही उठाता है और पुरुषों के कपड़ों को नहीं। युवक का चेहरा बंधा होने के कारण फुटेज से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

 

कपड़ा चोर से परेशान महिलाएं
कपड़े चोरी होने की शिकायत लेकर पहुंची वीणा नगर इलाके की महिलाओं ने बताया कि बीते तीन चार महीने से उनके घरों से कपड़े गायब हो रहे थे। जो कपड़े वो घर के बाहर सूखने के लिए डालती हैं वो रात में चोरी हो जाते थे। शुरुआत में लगा कि कोई बच्चा या जानवर कपड़े ले जा रहा होगा लेकिन सिर्फ महिलाओं के कपड़े ही गायब हो रहे थे जिसके कारण उन्हें शक हुआ। इतना ही नहीं कुछ दिनों घरों से गायब होने वाले कपड़े दूसरे घरों के सामने या बरामदे में पड़े मिलने लगे। परेशान हो चुकी महिलाओं ने जब कॉलोनी में लगे सीसीटीवी चैक किए तो एक सनकी युवक रात में महिलाओं के कपड़े घर के बाहर से चोरी करते हुए नजर आया। जिसके बाद महिलाओं ने अब पुलिस में मामले की शिकायत की है।

शरारत या सनक !
घर के बाहर से महिलाओं के कपड़े चोरी करने वाले युवक का सीसीटीवी फुटेज तो महिलाओं ने पुलिस को सौंप दिया है लेकिन फुटेज में युवक अपने चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए है जिसके कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवक शरारत कर रहा है या फिर वो सनकी है इस बात का खुलासा तो अब उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। शिकायत दर्ज कराने के साथ ही महिलाओं ने इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *