
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी पर वकीलों ने अपना गुस्सा उतार दिया। कोर्ट परिसर में ही आरोपी पर जमकर थप्पड़ और घूंसे बरसाए। इसका वीडियो सामने आया है।
`मामला इंदौर के महू का है। जहां बुधवार को छेड़छाड़ का आरोपी कोर्ट में पेशी पर आया था। कुछ वकील उसके पास आए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोपी का नाम मोहम्मद उबैद है, जो बंडा बस्ती का रहने वाला है। उबैद को मंगलवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा था। वे उसे मसीही स्कूल से पकड़कर कोतवाली थाने लाए थे। आरोपी लिटिल एंजेल स्कूल की एक 15 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा था।
तीन वकीलों ने बरसाए लात-घूंसे
कोतवाली थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मी आरोपी युवक को बुधवार दोपहर करीब 3 बजे न्यायालय में पेश करने के लिए लाए थे। उन्होंने आरोपी को न्यायालय परिसर में वकीलों की कुर्सी के पास शेड के नीचे एक कुर्सी पर बैठा दिया। कुछ देर बाद तीन युवा वकील मौके पर आए और उन्होंने आरोपी युवक को घूंसे और थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने वकीलों को पीछे करते हुए उसे बचाया। इसके बाद भी वकील उसे पीटते रहे।
कोर्ट मे मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को तेली खेड़ा स्थित जेल भेज दिया गया। आरोपी मोहम्मद उबैद पर मंगलवार को पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
आरोपी से मारपीट करने वाले वकील विक्की परदेसी ने बताया कि जब पुलिस ने युवक को कोर्ट में पेश किया तो आरोपी हमें देखकर कॉलर चढ़ा रहा था। हंस रहा था। आरोपी ने जिस तरीके से 15 साल की लड़की के साथ गलत हरकत की है, वह गलत है। हमें न्यायालय पर तो भरोसा है, लेकिन आरोपी न्यायालय में भी अकड़ दिखा रहा था। वह कह रहा था कि मैं तो छूट जाऊंगा, तभी हम साथियों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
नाबालिग छात्रा से कर रहा था छेड़छाड़
बंडा बस्ती में रहने वाला आरोपी मोहम्मद उबैद मंगलवार को लिटिल एंजेल स्कूल की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मसीही स्कूल से उसे पकड़ा और उसे कोतवाली थाने ले गए। यहां उन्होंने युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी युवक उसे काफी दिन से परेशान कर रहा था। उसने सहेली से मोबाइल नंबर लेकर कॉल किया, तो मैंने ब्लॉक कर दिया। उसने कई नंबरों से कॉल किए। मंगलवार को मैं कोचिंग से लौट रही थी। तभी उसने स्कूल पर मेरे साथ छेड़छाड़ कर दी। जिसके बाद वहां मौजूद युवकों ने उसे पकड़ लिया।
मारपीट करने वालों पर कार्रवाई करे पुलिस
महू न्यायालय के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वदेश दत्त पांडे का कहना है कि जब मारपीट की घटना हुई उस वक्त मैं कोर्ट परिसर में नहीं था। घर में गमी हो गई है, बुआ जी की अंतिम यात्रा में गया था। कोर्ट जाकर मामले का पता करता हूं। मारपीट हुई है तो पुलिस को वीडियो देखकर कार्रवाई करनी चाहिए।
वीडियो को देख कर कार्रवाई करेंगे
आरोपी युवक मोहम्मद उबैद पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ है। बुधवार दोपहर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पेशी के पहले पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उसके पहले अचानक वकीलों ने मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो देखा है, इस पर जांच चल रही है।- महेंद्र सिंह भदौरिया, कोतवाली टीआई महू।