
नाइट कल्चर शुरु होने के बाद इंदौर शहर में क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। रोजाना रात के वक्त शहर के अलग अलग इलाकों से कहीं न कहीं आपराधिक घटनाएं होने की बात सामने आ रही हैं। शहर में तेजी से बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर ये कहा जा रहा है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और उनमें पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। ताजा मामला शहर के सरवटे बस स्टैंड का जहाँ पर एक होटल के बाहर चाकूबाजी हो गई। यहां अपनी मंगेतर के साथ चाय पीने आए युवक को रास्ता देने की बात पर गुंडे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद युवती ने आरोपी को कुर्सी फेंककर मारी और पकड़ लिया। लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया।
छोटी ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक घटना होटल शिवेन्द्रम के नीचे तल मंजिल पर बने रेस्टोंरेट की है। यहां सौरभ उजनार निवासी रावजी बाजार अपनी मंगेतर अंजलि के साथ चाय पीने रूका था। बाहर निकलते समय सड़क पर गुंडा शेख मोइन निवासी आजाद नगर अपने साथी के साथ स्टूल लगाकर चाय पी रहा था। इस दौरान सौरभ ने उसे रास्ता देने की बात कही। ठीक से नहीं सुनने पर दोबारा सौरभ ने उसे टोका। जिस पर शेख मोईन ने अपशब्द कहे। इस दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। इस बात पर शेख मोईन ने चाकू निकाला ओर सौरभ के सीने और जांघ पर मार दिया। तभी आरोपी को सौरभ और उसकी मंगेतर ने पकड़ लिया और लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया।
कुर्सी से हमला कर रोका, सड़क पर काफी देर तक मांगी मदद
अंजलि ने पुलिस को बताया कि उसे मंगेतर सौरभ जूनी इंदौर उसे घर छोड़ने जा रहा था। इसी बीच दोनों की चाय पीने की बात हुई तो वहां रूक गए। शेख मोईन के साथ उसका एक ओर साथी था जो मौके से भाग गया। आरोपी के सौरभ पर हमला करने के बाद उन्होंने नजदीक रखी कुर्सी से शेख मोईन को उठाकर मारा। जिसके कारण वह भाग नहीं सका।