
शहर में लव जिहाद का मामला सामने आया है।यहां एक युवक को हिंदू संगठनों ने जाल बिछाकर पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी का नाम आफताब है जिसने पहले तो अपनी पहचान छिपाकर एक युवती को प्यार के जाल में फंसाया और फिर जब सच सामने आया तो उसे ब्लैकमेल करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके 36 टुकड़े करने की धमकी देने लगा था। जिसके बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर भाई व हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ मिलकर आरोपी को जाल बिछाकर पकड़वाया और पुलिस के हवाले कराया।
नवरात्रि में राहुल बनकर प्यार के जाल में फंसाया
पूरा मामला इंदौर शहर के राजेन्द्र नगर इलाके का है। बजरंग दल के पदाधिकारी ने बताया कि युवती नवरात्रि में गरवा करने जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई थी पहचान के वक्त आरोपी ने अपना नाम राहुल बताया था और युवती से दोस्ती कर धीरे-धीरे उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। प्यार परवान चढ़ता इससे पहले ही युवती को आरोपी का सच पता चल गया कि वो जिसे राहुल समझकर प्यार कर रही है वो दरअसल राहुल नहीं बल्कि आफताब है तो उसने उससे बातचीत करना बंद कर दी।
36 टुकड़े करने की देता था धमकी
पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपी की सच्चाई सामने आने के बाद उससे बातचीत बंद कर दी लेकिन आरोपी आफताब उसे परेशान करने लगा। उसे ब्लैकमेल करता और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके 36 टुकड़े करने की बात कहता था। आफताब की धमकियों से तंग आकर उसने पूरी बात अपने भाई को बताई जिसने बजरंग दल के पदाधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद सभी ने मिलकर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और युवती के जरिए आफताब को मिलने के लिए एक गार्डन में बुलाया। जैसे ही आफताब आया पहले से मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई करते हुए जुलूस निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।