
भारतीय क्रिकेट (India Cricket) में बदलाव के दौर की शुरूआत करते हुए हरफनमौला हार्दिक पंड्या को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिये भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है जबकि रोहित शर्मा वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे. श्रीलंका के खिलाफ भारत को 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को श्रीलंका के इस दौरे पर होने वाली सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है।
भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आगाज 3 जनवरी 2023 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर होगा। जबकि 10 जनवरी से तीन वनडे मैचों की सीरीज का आयोजन शुरू होगा। साल 2023 भारतीय टीम के लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि इसी साल देश आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 (ICC World Cup 2023) की मेजबानी करने वाला है, ऐसे में टीम इंडिया के लिए हर अगला महीना और हर अगली सीरीज महत्वपूर्ण रहेगी।
भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया
हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हूडा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी और मुकेश कुमार।
भारतीय टी20 टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल का नाम नहीं है। इस टीम की अगुवाई हार्दिक पांड्या करेंगे और उपकप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे।
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह।
वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी होगी। केएल राहुल भी वनडे टीम का हिस्सा होंगे। विश्व कप को नजर में रखते हुए चयनकर्ताओं ने सीनियर खिलाड़ियों को वनडे में मौजूद रखना सही समझा है।