
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम वक्त बचा है। ऐसे में सभी दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार सक्रिय नजर आ रहे है। शनिवार को आमसभा को संबोधित करने के लिए कमलनाथ बैतूल पहुंचे थे। इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।शनिवार को कमलनाथ बैतूल में आमसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। हैलीपेड से वो सभा स्थल तक रोड शो करते हुए पहुंचे थे और जगह जगह उनका कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। इसी दौरान एक जगह उनके रोड शो के दौरान एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।
रोड-शो के दौरान टला बड़ा हादसा
शनिवार को जब कमलनाथ हेलीकॉप्टर से बैतूल में आमसभा करने के लिए पहुंचे तो हेलीपैड से सभा स्थल तक उन्होंने रोड शो किया। इसी दौरान एक स्थान पर कमलनाथ का स्वागत करने के लिए आतुर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में से एक कार्यकर्ता कमलनाथ की गाड़ी के सामने ही आ गया। कार्यकर्ता गाड़ी की चपेट में आने ही वाला था तभी मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे खींचकर बाहर निकाला और साइड में किया। हालांकि इसके बाद भी रोड शो रुका नहीं और धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए सभा स्थल पहुंचा।इस घटना को कमलनाथ की सुरक्षा में चूक भी कहा जा रहा है।
सभा में भाजपा पर बरसे कमलनाथ
रोड शो के बाद आमसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने मंच से कहा कि बाबा साहब ने संविधान दिया और संविधान की पूरे विश्व में तारीफ होती है लेकिन आज संविधान गलत हाथ में चला जाए तो क्या होगा। आज संविधान और संस्कृति की रक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। पाकिस्तान के पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं। भाजपा की सरकार ने कैसा प्रदेश सौंपा था यह सभी को पता है। किसान आत्महत्या कर रहे थे। भ्रष्टाचार में प्रदेश नंबर वन था। कांग्रेस की साढ़े 11 महीने की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया, बिजली बिल कम किए तो बताइये ऐसा किया तो क्या मैंने कोई पाप किया। प्रदेश की भाजपा सरकार घोषणा, भाषण और झूठ बोलने की मशीन है। हाल ही में भाजपा ने इन्वेस्ट सम्मिट किया और बता रहे हैं कि करोड़ों रुपए का इन्वेस्ट आएगा और बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। लेकिन ऐसा कहीं कुछ नहीं है।