मध्य प्रदेश : भाजपा नेता ने बीच सड़क पर मेकअप आर्टिस्ट को जड़ा थप्पड़, विवाद में फंसे भाजपा नेता , देखें वीडियो

मैंने उनसे कहा, अंकल गाड़ी थोड़ा साइड कर लीजिए। वे मुझसे बदतमीजी करते रहे। मुझे सरेराह थप्पड़ मार दिया।… यह आरोप जबलपुर की एक मेकअप आर्टिस्ट ने भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पंडित राममूर्ति मिश्रा पर लगाए हैं। मेकअप आर्टिस्ट ख्याति चौहान ने भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है। भाजपा नेता और महिला के विवाद का एक VIDEO भी सामने आया है। महिला का कहना है कि पीएम मोदी को भी शिकायत की है। ख्याति चौहान के पति सेना में मेजर हैं। घटना गुरुवार को जबलपुर के रामपुर में हुई है।

 

मेकअप आर्टिस्ट से ही जानिए थप्पड़ की पूरी कहानी:-कोई ना कोई गाड़ी खड़ा कर देता है तो हम हॉर्न बजाते हैं। फिर वो गाड़ी अलग कर लेते हैं। आज भी मैं हॉर्न बजा रही थी। 5 मिनट तक लगातार हॉर्न बजाती रही। सामने खड़ी गाड़ी की लाइट जल रही थी, मुझे लगा कि गाड़ी छोड़कर कोई चला गया होगा। मैंने दुकान वालों से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा- हमारे यहां कोई नहीं आया। मैंने 5 मिनट इंतजार किया। थोड़ी देर बाद उसमें से बुजुर्ग से आदमी निकलते हैं। मैंने उन्हें इशारा किया कि मेरा घर है, मुझे उधर जाना है। 10 मिनट तक वेट किया। मुझे लगा अब वो गाड़ी अलग करेंगे, लेकिन वो नहीं उतरे। मुझे लगा उनके आगे कोई दूसरी गाड़ी खड़ी है, इसलिए वो साइड नहीं हो पा रहे। थोड़ी देर रुकने के बाद मैं ही गाड़ी से उतरी। उन्होंने तुरंत अपनी कार आगे बढ़ा दी। जैसे वो मेरा ही वेट कर रहे थे कि मैं उतरकर उनसे रिक्वेस्ट करूं। मैंने कहा- अंकल आपको सुनाई नहीं दे रहा, मैं 10 मिनट से हॉर्न बजा रही हूं। उन्होंने इशारा किया कि जैसे सुनाई नहीं दे रहा है। मैंने कहा- अंकल जैसे मैंने अभी बोला वो आपको सुनाई दे गया? उन्होंने फिर नहीं सुनने का इशारा किया। मैंने कहा- मैं आपकी गाड़ी पंक्चर कर दूं तो आपको सुनाई देगा? मेरे घर के बगल में पंक्चर की दुकान है। मैंने दुकानवाले से गाड़ी पंक्चर करने के लिए कहा। इसके बाद अंकल बदतमीजी करने लगे, बोले- तू करके दिखा पंक्चर। तू कौन है बे, सुन बे, तू समझती क्या है अपने आपको…और थप्पड़ मार दिया।

 

BJP नेता सबके सामने मुझसे माफी मांगें:-मेकअप आर्टिस्ट ख्याति चौहान का कहना है कि मुझे सबके सामने अपमानित किया गया। अंकल ने अपनी गाड़ी मेरे घर के सामने खड़ी कर रखी थी। मैं बार-बार हार्न बजा रही थी, लेकिन अंकल ने गाड़ी आगे नहीं की। उन्होंने मुझते अभद्रता की, मुझे थप्पड़ भी मारा। अगर वह मुझसे सबके सामने माफी मांग लेते तो मैं उन्हें माफ भी कर देती और थाने भी नहीं जाती, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया। इसलिए मजबूर होकर मैं थाने गई और फिर वहां पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। भाजपा नेता को भी सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहिए। वहीं इस मामले में भाजपा नेता का कहना है कि मैंने किसी तरह की गलती नहीं की है। माफी मांगने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता।

मेकअप आर्टिस्ट ने मोबाइल से बनाया VIDEO:-विवाद के दौरान मेकअप आर्टिस्ट ख्याति चौहान ने मोबाइल से भाजपा नेता राममूर्ति मिश्रा का VIDEO बनाया। भाजपा नेता ने भी ख्याति का वीडियो बनाया है। ख्याति ने VIDEO सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। CSP प्रतिष्ठा सिंह राठौर ने बताया कि मेकअप आर्टिस्ट ने भाजपा नेता पंडित राममूर्ति मिश्रा के खिलाफ शिकायत गोरखपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पंडित राममूर्ति मिश्रा का कहना है कि महिला ने जैसे ही अपनी गाड़ी का हॉर्न बजाया तो मैंने अपनी गाड़ी आगे कर ली थी। उसके बाद महिला ने अपने घर जाकर गाड़ी खड़ी की और फिर मुझसे लड़ने आ गई। मैंने महिला को थप्पड़ नहीं मारा है, और ना ही मैंने उससे अभद्रता की है। मैं एक नेता हूं, मेरे ऊपर आरोप लगाने वाले तमाम लोग हैं, लेकिन मैंने किसी भी तरह से उसके साथ अभद्रता नहीं की है। अगर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है तो हमने भी अपनी शिकायत पुलिस को दी है। महिला बोल रही थी कि मैं उससे माफी मांग लूँ , लेकिन जब मैंने किसी भी तरह की गलती नहीं की है तो मैं माफी नहीं मांगूंगा।

अपने मायके आई हुई है मेकअप आर्टिस्ट:-जबलपुर में GRC मेस के सामने शरद चौहान का घर है। उनकी मेकअप आर्टिस्ट बेटी ख्याति चौहान उमेदपुर से इन दिनों जबलपुर आई हुई हैं। ख्याति के पति तन्मय अग्रवाल सेना में मेजर के पद पर हैं। गुरुवार शाम को वह कार से बाजार गई थी। बाजार से घर लौटने के दौरान ये पूरा विवाद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *