
वारिस पंजाब दे के चीफ खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की आठवें दिन भी तलाश हो रही है। अमृतपाल की एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जो पटियाला का बताया जा रहा है। इसमें अमृतपाल जैकेट और चश्मा पहने हुए नजर आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह CCTV फुटेज अमृतपाल के पंजाब से हरियाणा आने के पहले का है। यहीं से स्कूटी लेकर वह कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचा था।
वहीं अमृतपाल के एक और साथी सुक्खा को इंदौर से पकड़ा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल जब हरियाणा में कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में महिला बलजीत कौर के घर रुका तो सुक्खा से लंबी बातचीत की थी। बलजीत कौर से पूछताछ और उसके फोन की कॉल डिटेल्स निकलवाने के बाद पुलिस ने सुक्खा को पकड़ा है।
वहीं जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर से पुलिस ने अमरीक सिंह व उसकी पत्नी सर्बजीत कौर को हिरासत में लिया है। पंजाब पुलिस की इनपुट पर यह कार्रवाई की गई है। सर्बजीत और अमरीक अमृतपाल सिंह के साथ भाग रहे पपलप्रीत के बहन व जीजा हैं। पपलप्रीत के कुछ रिश्तेदारों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर सरेंडर का दबाव बनाना शुरू किया है।
सुबह दिल्ली नजर आने का दावा
शनिवार सुबह पंजाब पुलिस की कुछ टीमें दिल्ली पहुंची। ISBT कश्मीरी गेट में पुलिस के हाथ कुछ CCTV फुटेज लगे हैं, जिसे अभी वायरल नहीं किया जा रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन फुटेज में अमृतपाल सिंह साधु के भेष में नजर आया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन दिल्ली में शुरू किया है। अभी और CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
इंदौर में व्यक्ति गिरफ्तार
इंदौर में सुक्खा नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया है। कुरुक्षेत्र में पकड़ी गई महिला बलजीत कौर के फोन से इसी व्यक्ति को फोन किया गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुक्खा अमृतसर का ही रहने वाला है और पिछले कुछ समय से इंदौर में शिफ्ट हुआ था।
गौरतलब है कि अमृतपाल 19 मार्च की रात को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में महिला बलजीत कौर के घर रुका था। उसकी शाहाबाद और कुरुक्षेत्र बस स्टैंड की CCTV तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने अमृतपाल की खोज उत्तराखंड में शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दबिश दी है। सूत्रों के अनुसार यहां एक महिला को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला अमृतपाल सिंह के साथ सोशल मीडिया के जरिए बीते एक साल से जुड़ी हुई थी।
इतना ही नहीं, वह एक बार अमृतपाल सिंह को मिलने पंजाब भी आई थी। यह महिला लंबे समय से अमृतपाल सिंह की पोस्टों को लगातार शेयर करती थी। इस महिला को गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, इसके बारे में पुलिस ने अभी कुछ भी साफ नहीं किया है।
पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
अमृतपाल सिंह के साथ-साथ पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ भी चार मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अलावा अब पप्पलप्रीत सिंह के खिलाफ इनकम टैक्स विभाग कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, 2019-20 में पप्पलप्रीत सिंह के खातों में 4,48,868 रुपए अधिक पाए गए थे। जिसके जवाब के लिए पप्पलप्रीत को 14 मार्च को नोटिस देकर 20 मार्च तक पेश होने के लिए कहा था।
लेकिन पप्पलप्रीत सिंह 18 मार्च को ही अमृतपाल सिंह के साथ भाग गया। जिसके चलते वह 20 मार्च को इनकम टैक्स विभाग के सामने पेश नहीं हुआ। इनकम टैक्स विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पप्पलप्रीत सिंह 8 से 20 हजार रुपए यूट्यूब और 15 हजार रुपए डेयरी बिजनेस से कमा लेता था।