बोलेरो से रौंदकर ASI की हत्या, पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए भाग रहा था बदमाश – देखें VIDEO

 

ASI नरेश शर्मा छिंदवाड़ा जिले के माहुलझिर थाने में तैनात थे।

छिंदवाड़ा में गुरुवार सुबह बदमाश ने मध्यप्रदेश पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) पर बोलेरो चढ़ा दी। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। बदमाश पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए भाग रहा था। पुलिस ने चेकपॉइंट लगाकर उसे पकड़ना चाहा। ASI ने बोलेरो के सामने आकर रुकने को कहा, लेकिन आरोपी स्पीड कम करने की जगह बोलेरो चढ़ाते हुए ले गया।

ASI नरेश शर्मा (52) छिंदवाड़ा जिले के माहुलझिर थाने में तैनात थे। SP विनायक वर्मा के मुताबिक, ASI को डायल-100 के जरिए सूचना मिली थी कि बोलेरो ड्राइवर परासिया में न्यूटन पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए भाग रहा है। पंप पर भी उसने किसी को चोट पहुंचाई है।

थाने के सामने ASI चेकपॉइंट लगाकर बोलेरो को रोकने के लिए खड़े हो गए। चेकपॉइंट देखते ही आरोपी ड्राइवर ने बोलेरो की स्पीड बढ़ा दी। ASI को रौंदते हुए भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे 60 किलोमीटर दूर से पकड़ा। इधर, गंभीर हालत में ASI को जिला अस्पताल लाया गया। यहां उनकी मौत हो गई।

ASI नरसिंहपुर जिले के सिंगपुर गांव के रहने वाले थे। डेढ़ साल पहले छिंदवाड़ा तबादला हुआ था। उनका एक बेटा और बेटी है।

पुलिस ने घटनास्थल से 60 किलोमीटर दूर आरोपी को पकड़ा। बोलेरो भी जब्त की।

नरसिंहपुर जिले का रहने वाला है आरोपी

SP विनायक वर्मा ने बताया कि शुरुआत में आरोपी ड्राइवर लोकजीत सिंह के खिलाफ धारा 307 में केस दर्ज किया गया। बाद में 302 की धारा का इजाफा किया गया है। ड्राइवर गाडरवारा (नरसिंहपुर) का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर नशे में था। ASI की नाक और सिर में गंभीर चोट आई थी।

आरोपी ने टोल तोड़ा, लोगों-गाय को टक्कर मारी

आरोपी बोलेरो ड्राइवर ने न्यूटन घाट पर भी कुछ लोगों को टक्कर मारी। कुआंबादला का टोल तोड़ा। देलाखारी में एक गाय को टक्कर मारने के बाद यहां के पुलिस स्टाफ से टकराने से बचा। इसके बाद माहुलझिर आकर ASI को रौंद दिया। आगे जाकर बोलेरो पलटा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *