अमेरिका में भारतीय छात्र की बेरहमी से हत्या, 50 बार हथौड़े से किया वार; CCTV मैं कैद हुई वारदात – देखे VIDEO

अमेरिका के जॉर्जिया में एक भारतीय छात्र की हत्या कर दी गई। अमेरिकी मीडिया फॉक्स न्यूज के मुताबिक 25 साल के छात्र विवेक सैनी की हत्या एक बेघर शख्स ने की। उसने विवेक के सिर पर हथौड़े से 50 बार वार किया।

विवेक एक फूड मार्ट में काम करता था। स्टोर के बाहर एक बेघर शख्स आता था। विवेक और स्टोर के बाकी कर्मचारियों ने इस बेघर शख्स को रहने के लिए जगह दी थी। वह यहीं रहता था, लेकिन 16 जनवरी को विवेक ने जब उसे जगह खाली करने के लिए कहा तो वो गुस्से में आ गया और उसने विवेक की हत्या कर दी।

फुटेज में आरोपी भारतीय छात्र की हत्या करता नजर आ रहा है।

पुलिस ने आज इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि जॉर्जिया में भारतीय छात्र की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने 53 साल के आरोपी जूलियन फॉकनर की यह तस्वीर जारी की है।

छात्र बेघर शख्स को खाना भी देता था

विवेक के साथ फूड मार्ट में काम करने वाले एक कर्मचारी ने पुलिस को बताया- जूलियन फॉकनर नाम का बेघर आदमी अक्सर हमारे स्टोर के बाहर आकर बैठ जाता था। हम कभी भी उसे जाने के लिए नहीं कहते थे। विवेक उसे खाना-पानी भी दे देता था। एक बार जूलियन ने कंबल मांगा था, हमारे पास नहीं था, लेकिन हमने उसे जैकेट दे दी थी।

उसे रहने के लिए गर्म जगह भी दी क्योंकि सर्दियों का मौसम है। हमसे जितना हो सकता था, हमने किया। जूलियन का स्टोर के अंदर आना-जाना बढ़ गया था। 16 जनवरी को विवेक ने उससे दूसरी जगह जाने के लिए कह दिया। उसे धमकी भी दी कि अगर वो नहीं गया तो पुलिस बुलाई जाएगी।

इसके बाद जूलियन ने विवेक पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। विवेक 2 साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका आया था। उसने हाल ही में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी।

घटनास्थल की इस तस्वीर में हाथ में हथौड़ा लिए आरोपी और जमीन पर गिरा खून से लथपथ भारतीय छात्र दिख रहा है।

पुलिस को आरोपी के पास चाकू भी मिले

फॉक्स न्यूज के मुताबिक मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एक अफसर ने बताया- हम जब फूड मार्ट के बाहर पहुंचे तो स्टोर के दरवाजे पर ही छात्र गिरा मिला। पास में 53 साल का आरोपी खड़ा था। जमीन पर काफी खून था। आरोपी के हाथ में खून से सना हथौड़ा था। हमने एम्बुलेंस को फोन किया और आरोपी से हथियार रखने को कहा।

अफसर ने कहा- विवेक की मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपी के पास से तलाशी के दौरान दो चाकू भी मिले। एक और हथौड़ा भी मिला। हमने जूलियन को फौरन गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी जेल में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *