
कर्नाटक के बेल्लारी में छापेमारी के दौरान एक ज्वेलर के पास से बेतहाशा कैश और जेवरात निकले हैं। खबर है कि बेल्लारी में पुलिस ने एक ज्वेलर के पास से कुल 7 करोड़ 21 लाख रुपए कैश और ज्वेलरी सीज़ की है। जब्त किए गए कैश और जेवर का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि पुलिस की टेबल पर नोटों के 6-6 अंबार लगे हुए हैं। वीडियो में ये नोटों के बगल पर कई सारी बोरियों में ज्वेलरी भरी पड़ी और साथ में कई दर्जन सोने की बड़ी-बड़ी ईंटें भी रखी हुई हैं।
ज्वेलर के पास नहीं मिले पर्याप्त दस्तावेज
इस छापेमारी को लेकर पुलिस ने बताया कि नरेश सोनी नाम के एक ज्वेलर के पास से इतनी भारी मात्रा में कैश और ज्वेलरी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई सामग्री में से 5 करोड़ 60 लाख रुपये कैश है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जब ज्वेलर से पूछताछ की तो नरेश सोनी के पास इतनी बड़ी रकम और ज्वेलरी को लेकर पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिले जिसके बाद चुनाव अधिकारी के निर्देश पर ये सारा माल जब्त कर लिया गया।