चाकूबाजी से दहला ऑस्ट्रेलिया का ये मॉल, 9 महीने के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत; कई घायल – देखें VIDEO

सोशल मीडिया पर मॉल के अंदर का यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस हमले का शिकार हुए लोगों को CPR देते दिख रही है।

ऑस्ट्रेलियाई शहर सिडनी के एक शॉपिंग मॉल में शनिवार को चाकूबाजी की घटना सामने आई। इसमें नौ महीने के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

यह मामला वेस्टफील्ड बॉन्डी जंक्शन शॉपिंग मॉल का है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की फायरिंग में हमलावर मारा गया है।

असिस्टेंट कमिश्नर एंथनी कुक ने बताया, ‘संदिग्ध हमलावर मॉल में स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजकर 10 मिनट (भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे) पर घुसा। इसके बाद वह कुछ देर के लिए बाहर गया और फिर 3 बजकर 20 मिनट पर वापस आकर लोगों पर हमला कर दिया।’ इस दौरान लोगों ने गोलियों की आवाज भी सुनी।’

हमले की वजह साफ नहीं

सिडनी के पुलिस कमिश्नर एंथनी कुक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमलावर अकेले ही मॉल में घुसा था। उसके साथ कोई और व्यक्ति नहीं था। हमलावर से जुड़ी कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हमले की वजह के बारे में भी फिलहाल नहीं पता है। टीम जांच कर रही है।’

 

हमलावर की दो तस्वीरें…

हमलावर की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उसके हाथ में चाकू दिख रहा है।

तस्वीर में पुलिस की फायरिंग के बाद हमलावर का शव जमीन पर पड़ा दिख रहा है।

महिला पुलिस अफसर ने हमलावर को मार गिराया

हमले की जानकारी मिलते ही मॉल पहुंची पुलिस की टीम में एक एक महिला अफसर भी थीं। यहां मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें देखते ही हमलावर की तरफ इशारा किया। इसके बाद महिला हाथ में बंदूक लेकर चुपचाप हमलावर का पीछा करने लगी।

इसके बाद हमलावर पीछे मुड़ा और उसने महिला पुलिसकर्मी की तरफ चाकू तान दिया। महिला ने तुरंत आरोपी पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ को बताया कि महिला पुलिसकर्मी ने हमलावर पर 2 से 3 गोली चलाई थीं।

हमलावर को मारने वाली महिला पुलिस अफसर की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

 

प्रधानमंत्री अल्बनीज ने घटना पर दुख जताया

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को मामले की सूचना दी गई है। उन्होंने कहा, “हमले में कई लोग मारे गए हैं। उनके परिजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम पुलिस और वहां मौजूद लोगों को मदद के लिए धन्यवाद कहते हैं।”

 

घटना से जुड़ी अन्य तस्वीरें…

 

तस्वीर सिडनी के उस मॉल की है, जहां हमला हुआ।

मॉल के अंदर हुई चाकूबाजी में घायल हुए शख्स की मदद करते अन्य लोग।

हमले के बाद मॉल में मौजूद सैकड़ों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

हमले के समय मॉल में कई बच्चे भी थे।

चाकूबाजी के खबर मिलते ही पुलिस ने मॉल को घेर लिया।

मॉल के बाहर मौजूद मेडिकल टीम और एंबुलेंस।

घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

लोगों को मॉल से बाहर ले जाते वक्त पुलिस ने उन्हें एस्कॉर्ट किया।

मॉल में हुए हमलों से जुड़े अन्य मामले…

1. डेनमार्क के मॉल में फायरिंग

4 जून 2022 को डेनमार्क के कोपनहेगन शहर के एक शॉपिंग मॉल में फायरिंग हुई थी। फायरिंग में 3 लोगों के मारे गए थे। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इस मामले में एक 22 साल के डैनिश युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना था कि युवक मानसिक परेशानियों से जुझ रहा था।

फायरिंग के बाद मॉल में मौजूद लोग बाहर की तरफ भागे थे।

2. अमेरिका के मॉल में गोलीबारी

19 जुलाई 2022 को अमेरिका के इंडियाना प्रांत में एक मॉल में गोलीबारी हुई थी। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई थी। 2 लोग घायल हुए थे। एक आर्म्ड सिविलियन ने हमलावर को मार गिराया था। फायरिंग की वजह के बारे में पता नहीं चल सका।

तस्वीर इंडियाना प्रांत के मॉल के बाहर की है। गोलीबारी के बाद लोग बाहर भागे थे। पुलिस ने छानबीन के लिए पूरा इलाका सील कर दिया था।

3. स्वीडन के शॉपिंग मॉल में फायरिंग

19 अगस्त 2022 को स्वीडन के माल्मो शहर के एक शॉपिंग मॉल में एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग कर दी थी। ​हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 2 घायल हुए थे। हमलावर मॉल मे घुसा और अचानक गोलीबारी करने लगा। इससे मॉल में भगदड़ मच गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बताया था कि शूटर का आतंकवादियों से कोई कनेक्शन नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *