
गुजरात एटीएस ने शुक्रवार को अवैध हथियारों की तस्करी में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 25 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और 90 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी झाबुआ निवासी शिवम (26) इंद्रसिंह डामोर है जो जयस के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय डामोर का भाई है। शिवम मध्यप्रदेश से गुजरात के बीच चलने वाली नेशनल परमिट टूरिस्ट बसों में काम करता है।
वह तीन महीने से लगातार अवैध हथियार गुजरात ले जा रहा था। गुजरात में 7 मई को लोकसभा चुनाव की वोटिंग होना है। इसके पहले ये बड़ी हथियारों की तस्करी पकड़ी गई है। 6 अप्रैल को पिटाेल बॉर्डर पर ऐसी बस से 1.28 करोड़ नकद और 22 किलो 365 ग्राम चांदी पकड़ी गई थी।
ऐसे पकड़ में आते गए
एटीएस के पुलिस उप अधीक्षक हर्ष उपाध्याय ने बताया, नारोल सर्किल के पास बस की तलाशी ली तो शिवम के पास से 5 पिस्टल, 20 कारतूस मिले। फिर चोटीला से सप्लाई लेने आए मनोज गिरीशभाई चौहान को पकड़ा। पूछताछ के बाद राजकोट के संजय दुदाभाई मेर और राजू जयंतीबाई सरवैया, सुरेंद्रनगर के विपुल वेलाभाई सानिया, सीहाेर के प्रवीण धर्मेंद्र श्रीवास को भी गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिए।