श्री महाकालेश्वर मंदिर में सक्रिय हुआ महिला चोर गैंग, सोने की चेन चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह को गार्ड ने पकड़ा- देखें VIDEO

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में ग्रीष्म अवकाश प्रारंभ होने के कारण बड़ी संख्या में देशभर के श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आ रहे है। ऐसे में महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाली महिला गैंग भी मंदिर परिसर में सक्रिय है। सोमवार को चेन्नई की महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह को मंदिर के आईटी शाखा प्रभारी व सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा है। महिलाओं से चेन बरामद होने के बाद पुलिस के हवाले किया है। वहीं एसपी प्रदीप शर्मा ने चोर गिरोह पकड़ने वाले कर्मचारियों को पांच हजार का इनाम दिया है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्री महाकाल महालोक बनने के बाद से ही अवकाश के दौर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे है। सोमवार को भी सुबह के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इसी दौरान मंदिर चेन्नई से आए भक्त सिद्धिविनायक गणेश मंदिर के समीप दर्शन को आई महिला श्रद्धालु श्रीकांत पुष्पलवार, सावित्री बाई, लक्ष्मी चिंता निवासी बेलमपल्ली करजी के गले से कतिपय महिलाओं ने सोने की चेन चोरी कर ली। इसकी जानकारी श्रद्धालुओंं ने सुरक्षाकर्मी सुनीता उपाध्याय को थी। सुनीता ने सुपरवाइजर संजय सिलोदिया और क्यूआरटी की मनीषा मालवीय को दी।

सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल ही चार महिलाओंं को पकड़ा। पकड़ी गई महिलाओं के नाम बबली, सुनीता, मधु और सीमा निवासी मुरलीपुरा जयपुर है। महिलाओं से दो तौला वजन की सोने की चेन बरामद की है। महिला गिरोह में से एक महिला मौके से फरार हो गई। बाद में पकड़ाई महिलाओं को महाकाल थाना पुलिस के हवाले किया है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मंदिर में चेन चुराने वाली महिला गैंग को पकडऩे में हमारे होमगार्ड कर्मचारी व सुरक्षाकर्मियों की भूमिका रही है, उन्ही को पांच हजार का इनाम दिया है।।

फूटेज देखते ही कर्मचारियों ने दौड़कर दो महिलाओं को पकड़ा

मंदिर परिसर में घुमने वाली चोर गिरोह की महिलाओं की शिकायत के बाद मंदिर के आईटी शाखा प्रभारी निर्मल सांखला, सुरक्षा कर्मचारी राहुल पारेगी द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान अनादिकल्पेश्वर मंदिर के पास दो महिलाओं के नजर आते ही सुरक्षाकर्मी छाया भागवत, सागर देवड़ा और बलवीर सिंह के सहयोग से महिलाओं को पकड़ा गया। बताया गया कि महिलाओं का पूरा गिरोह सक्रिय होकर अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम दिया जाता है।

सुरक्षा गार्ड ही चुरा रहे थे लड्डू प्रसाद के पैकेट

श्री महाकालेश्वर मंदिर में निर्माल्य द्वार के समीप म्यूजियम के पास श्रद्धालुओं को विक्रय के लिए लगे लड्डू काउंटर से लड्डू प्रसाद के पैकेट चोरी होने की सूचना मिल रही थी। इस मामले में जब नजर रखी गई तो मंदिर के ही सुरक्षा गार्ड योगेश प्रजापत, रोहित शर्मा को सोमवार सुबह करीब 6 बजे प्रसाद काउंटर में पिछले हिस्से से हाथ डालकर लड्डू प्रसाद के पैकेट चुराते हुए पकड़ा है।

इसकी पुष्टि सीसीटीवी कैमरों से भी हुई। मंदिर प्रशासन ने तत्काल ही दोनो सुरक्षाकर्मी की सेवा समाप्त करने के लिए सुरक्षा कंपनी को पत्र लिखा है। गौरतलब है कि मंदिर में करीब 400 सुरक्षाकर्मी 3 शिफ्ट में तैनात रहते है। ऐसे में कई जगह से सुरक्षाकर्मी अपने पाईंट से नदारद या मोबाइल देखने में व्यस्त होते है। शिकायतें सामने आने के बाद से ही मंदिर प्रशासन के अधिकारियों द्वारा सुरक्षाकर्मीयों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *