
इंदौर के भंवरकुंआ इलाके में एक लाइब्रेरी संचालक और स्टूडेंट्स के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद और मारपीट का वीडियो रविवार को वायरल हुआ है। इस मामले में दोनों ही पक्षों की तरफ से थाने में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। जिसमें दोनों तरफ से अदम चेक काटे जाने की बात पता चली है।
भंवरकुंआ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इलाके की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में ज्ञान पंख नाम से लाइब्रेरी है। लाइब्रेरी के मालिक प्रतीक चौहान पर कुछ छात्र-छात्राओं ने छेड़छाड़ करने, गलत हरकत करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। मामला कब का है इसके बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। लेकिन रविवार को यह वीडियो वायरल हो गया। इसमें स्टूडेंट्स और प्रतीक चौहान के बीच मारपीट होती साफ नजर आ रही है। कुछ लड़कियां भी चौहान को डंडे से पीटते दिख रही हैं।
बताया जा रहा है कि इसी लाइब्रेरी के मालिक और कर्मचारियों पर इससे पहले भी छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग चुके हैं। ब्रह्मपुरी कॉलोनी का पूरा रहवासी संघ भी लाइब्रेरी संचालक की हरकतों से परेशान है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच की बात कही है।