इंदौर। पिता की आस, बेटे को जल्द मिले न्याय! चार करोड़ की फिरौती के लिए मासूम की हत्या मामले में कोर्ट में तारीख-पर-तारीख से दुखी पिता ने लगाई ये गुहार… देखें VIDEO

इंदौर के पास पिगडम्बर में 4 करोड़ की फिरौती के लिए कांग्रेस नेता जितेंद्र चौहान के 6 वर्षीय बेटे की हत्या से जुड़े मामले में जिला न्यायालय इंदौर में आज सुनवाई है। दरअसल, हत्या का केस ADJ कोर्ट में एक साल से चल रहा था। इस बीच, मृत बच्चे के पिता ने इंदौर स्थित जिला एवं सत्र अदालत में आवेदन दिया है। इसमें कहा है कि बेटे के केस में फैसला नहीं आने के साथ तारीखें ज्यादा मिल रही हैं। इससे न्याय में देरी हो रही है। केस को दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर करने की गुहार लगाई। इस आवेदन पर जिला न्यायालय सुनवाई करेगा। जानिए क्या है केस ट्रांसफर करने के लिए आवेदन करने से जुड़ा पूरा मामला..

पहले पिगडम्बर का 1 साल पुराना मामला जान लीजिए..

इंदौर के पिगडम्बर में 5 फरवरी 2023 को 4 करोड़ की फिरौती के लिए 6 साल के हर्ष पिता जितेंद्र चौहान चौहान की हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी रिश्तेदार ऋतिक (पिगडम्बर), उसका दोस्त विक्रांत (राऊ), हरिओम (शाजापुर) और ऋतिक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया गया। आरोप था कि ऋतिक और विक्रांत ने बच्चे हर्ष को कार में बैठाने के बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और टेप लगाकर उसका मुंह बंद कर मारा। मास्टर माइंड ऋतिक मृत बच्चे के पिता जितेंद्र के भांजे का भांजा है। पिगडम्बर में मामा के पास रहता था। सुनवाई के बीच एक कबूलनामे में उसने लिखा था कि अपना जुर्म कबूलता हूं।

केस महू में तो सुनवाई इंदौर कोर्ट में क्या?

न्यायालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मृत हर्ष के पिता जितेंद्र सिंह चौहान (34) कांग्रेस नेता भी हैं। उन्होंने इंदौर जिला कोर्ट में आवेदन किया है। इसमें गुहार लगाई कि ‘यह प्रकरण क्रमांक 30/2023 अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में लंबित है। अगली पेशी 16 मई 2024 को है। केस का जल्द निराकरण नहीं किया जा रहा है। इससे फरियादी को न्याय मिलने में देरी हो रही है। पहले भी न्याय के लिए गुहार लगाई गई। न्यायालय से न्याय हित में निवेदन है कि आवेदन पत्र स्वीकार कर केस को अन्य न्यायालय में ट्रांसफर करने का आदेश पारित करने की कृपा करें।’ इसी आवेदन पर आज जिला कोर्ट में सुनवाई होगी।

मार्च से मई अब तक मिली तारीख

ADJ मामले में पिछले 2 महीने में जो तारीखें लगी हैं, उस अनुसार 5 मार्च को लगी। फिर 14 मार्च, 21 मार्च, 26 मार्च, 4 अप्रैल, 12 अप्रैल को भी तारीख लगी। इसके बाद कोर्ट ने 24 अप्रैल की तारीख दी। फिर 3 मई दी और अब 16 मई को फिर से होनी है। अब पिता ने 10 मई को जिला अदालत इंदौर (DJ) में आवेदन देकर केस ट्रांसफर की गुहार लगाई है।

 

इस सीसीटीवी से मिला था आरोपियों का सुराग..

चार आरोपी, जिन्होंने फिरौती के लिए कत्ल कर दिया.

मास्टर माइंड ऋतिक के कबूलनामे से आया था नया मोड़

“मैं अपना अपराध स्वीकार करता हूं। हर्ष का अपहरण पुरानी रंजिश और फिरौती के लालच में किया था। दुर्घटना वश हर्ष की जान चली गई। पूरी घटना को मैंने अंजाम दिया है। घटना में विक्रांत ठाकुर और हरिओम वाघेला का कोई हाथ नहीं है। मैंने विक्रांत के नशे का आदी होने की कमजोरी का फायदा उठाया। ये बात मैं अपने पूरे होश और बिना किसी दबाव के कह रहा हूं।”

इसी सात पन्ने के कबूलनामे पर सरकारी वकील को शक हुआ। उसने कोर्ट से कहा था कि यह कबूलनामा सहानुभूति बटोरने की कोशिश है और संदिग्ध भी..। इसके सिर्फ दस्तखत आरोपी से मेल खाते हैं। बाकी चिट्‌ठी की राइटिंग अलग ही है। चिट्‌ठी की जांच होनी चाहिए कि यह किसने लिखी? इसी संदेह के बाद जेलर से रिपोर्ट मांगी गई थी। जिसके जवाब में यह बात साफ हो गई है कि सरकारी वकील का शक सही था।

मां ने कहा था- फांसी से आत्मा को शांति मिलेगी

मामले में मृतक हर्ष के परिवारजनों की तरफ से घटना के बाद आरोपी को फांसी देने की मांग की गई थी। मां रंजना ने कहा था कि आरोपियों को फांसी होने पर ही हर्ष की आत्मा को शांति मिलेगी। वो जेल में रोटी खा रहे और हम मां-बाप रोज मर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *