
इंदौर की बैंक में फायरिंग कर लूट करने वाला रिटायर्ड फौजी घटना वाले दिन सुबह से नॉर्मल था। सुबह पानी भरने के बाद अपनी बाइक पानी से धोई थी। गाड़ी धोते समय उसकी नीचे रहने वाले किराएदार से बातचीत हुई। तब तक उसकी बॉडी लैंग्वेज से किसी को पता नहीं चला की दिमाग में क्या चल रहा है। इसके बाद उसने ऊपर आकर बंदूक की नाल साफ की।
अगले दिन सुबह पुलिस जब घर पहुंची और किराएदार को नींद से जगाया तब उसे पता चला कि गार्ड अरुण सिंह ने बैंक में लूट की है।
अरुण सिंह के साथ उसी घर में किराए से रहने वाले कृष्णा यादव ने बातचीत की। कृष्णा के मुताबिक “वो यहां 7-8 महीने से किराए से रह रहा है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे किसी ने गेट खटखटाया। बहन ने दरवाजा खोला तो बाहर खड़े 4-5 पुलिसकर्मी धड़ाधड़ अंदर घर में घुस गए। मैं सो रहा था। बहन ने मुझे जगाया। मैंने पूछा तो मुझे बताया कि बैंक में लूट हुई है। फोटो देखने के बाद मैंने कहा कि ये ऊपर रहते हैं। पुलिसकर्मी तुरंत ऊपर की तरफ चले गए।

श्याम नगर स्थित बैंक लूटने वाले गार्ड अरुण कुमार सिंह रिटायर फौजी का मकान
ये है मामला
दरअसल, 16 जुलाई की शाम को स्कीम नंबर 54 में पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड फौजी अरुण सिंह ने 6 लाख 64 हजार रुपए की लूट की थी। उसने नकाब और रेनकोट पहन रखा था। बैंक में घुसकर 315 बोर की बंदूक से हवाई फायर भी किया। कैश काउंटर पर बैठी महिला कर्मचारी से बैग में रुपए भरवाए और भाग निकला था। पुलिस ने 1172 सीसीटीवी कैमरे चैक किए और गार्ड तक पहुंची।
बुधवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता ने बताया कि बैंक लूटने वाला गार्ड अरुण कुमार सिंह रिटायर फौजी है। 1999 से 2006 तक सेना में रह चुका है। शराबखोरी और स्वास्थ्य के कारणों से अरुण को सेना से बाहर कर दिया था। इसके बाद अरुण सिंह सिक्योरिटी गार्ड बन गया।
वह बैंक ऑफ इंडिया की पलासिया ब्रांच पर भी नौकरी कर चुका है। इसी वजह से उसे बैंक की गतिविधियों के बारे में जानकारी थी। आरोपी वारदात वाले पंजाब नेशनल बैंक के पास ही गोल्ड माइन ज्वेलर्स पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर चुका है। वहां उसे पता था कि बैंक में कोई गार्ड नहीं है। उसके बाद उसने रैकी शुरू कर दी थी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि बदमाश बाइक से विजय नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा। उसने गाड़ी पार्क की और बैंक की तरफ बढ़ा।
गोल्ड माइन ज्वेलर्स में दो महीने बाद ही बढ़वाई सैलरी
गार्ड अरुण सिंह ने अक्टूबर 2023 में गोल्ड माइन ज्वेलर्स में नौकरी ज्वाइन की थी। वो यहां पहले भी नौकरी कर चुका था लेकिन बाद में छोड़ दी थी। दोबारा वो नौकरी पर अक्टूबर में लगा। नौकरी करते हुए उसे दो महीने ही हुए थे और सैलरी बढ़ाने की मांग उसने की। इस पर 17 हजार से बढ़ाकर उसका वेतन 19 हजार कर दिया। लेकिन मार्च 2024 में उसने यहां से नौकरी छोड़ दी।
बाइक पार्क करने के बाद बदमाश बैंक पहुंचा। सीसीटीवी में दिख रहा है कि उसने रेनकोट पहना है और मुंह पर नकाब लगाया है। उसके हाथ में 315 बोर की बंदूक थी।
पुलिस को बोली पत्नी प्रीति : बैग देकर चले गए
बुधवार को गार्ड अरुण सिंह की पत्नी प्रीति से पुलिस ने पूछताछ की। उसने बताया कि पति मंगलवार शाम 5 बजे घर आए थे। इसके बाद वे रात में कहीं चले गए। मुझे एक बैग दे गए हैं। तलाश लेने पर बैग घर में ही मिल गया। इस पर पीएनबी की स्लिप लगी थी। बैग से तीन लाख रुपए भी बरामद किए।