दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग को लेकर कंपनी के अंदर उनकी कार्यशैली को लेकर कुछ ऐसे दावे सामने आए हैं, जो उनकी सार्वजनिक छवि से बिल्कुल अलग हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग बैठकों में वरिष्ठ अधिकारियों को सबके सामने अपमानित करते थे।

एक अधिकारी से उन्होंने कथित तौर पर यहां तक कह दिया था कि वे उम्मीद करते हैं कि उसकी मौत हो जाए। इतना ही नहीं, एक अन्य बैठक में उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी की तरफ पानी की बोतल भी फेंक दी थी।
मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मर जाओ’
द पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी में हुई एक बैठक के दौरान हुआंग ने कंपनी के तत्कालीन कार्यकारी उपाध्यक्ष जय पुरी को जमकर फटकार लगाई थी। यह बैठक बंद कमरे में हुई थी और इसमें 30 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बताया गया है कि हुआंग ने जय पुरी से कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और खराब हो जाए।’ इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मर जाओ और हम सभी को इस परेशानी से छुटकारा दिला दो।’ जय पुरी उस समय कंपनी के बिक्री और बिजनेस डेवलपमेंट से जुड़े कामकाज संभाल रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अब वेमें वरिष्ठ सलाहकार की भूमिका में हैं।
40 कर्मचारियों के सामने वरिष्ठ अधिकारी को किया अपमानित
रिपोर्ट में एक और घटना का जिक्र किया गया है। जिसमें बताया गया कि 2025 में हुई करीब तीन घंटे की बैठक के दौरान हुआंग ने बिक्री विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को लगभग 40 कर्मचारियों के सामने फटकार लगाई थी। उन्होंने उस अधिकारी से कहा था, ‘तुम मेरे कारोबार के बारे में कुछ भी नहीं जानते।’ बताया गया है कि इस घटना के दौरान भी बैठक में कंपनी के कई कर्मचारी मौजूद थे।
पहली ही बैठक में अधिकारी पर भड़क गए थे हुआंग
एक दूसरी घटना में हुआंग ने एक ऐसे वरिष्ठ अधिकारी को निशाने पर लिया, जो पहली बार उनके साथ बैठक में शामिल हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी की किसी प्रतिक्रिया से नाराज होकर हुआंग ने उससे पूछा, ‘क्या तुम मुझ पर हंस रहे हो?’ इसके बाद उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों की तरफ देखते हुए कहा, ‘मुझे यहां सिर्फ मरे हुए चेहरे दिखाई दे रहे हैं… बाहर निकलो!’ इतना कहने के बाद उन्होंने उस अधिकारी को कमरे से बाहर जाने के लिए कह दिया।
बैठक के दौरान अधिकारी की तरफ फेंकी पानी की बोतल
रिपोर्ट में हुआंग के गुस्से से जुड़ी एक और घटना का जिक्र है। यह घटना कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित Nvidia के मुख्यालय में हुई थी। दावा किया गया है कि एक बैठक के दौरान हुआंग ने एक वरिष्ठ अधिकारी की तरफ पानी की बोतल फेंक दी थी। कंपनी में उनके काम करने के तरीके के पीछे एक खास व्यवस्था भी बताई गई है। Nvidia में 60 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी सीधे जेन्सेन हुआंग को रिपोर्ट करते थे। यानी कंपनी के कई अहम विभागों के बड़े फैसलों और कामकाज की जानकारी सीधे उनके पास पहुंचती थी। हालांकि, ये सभी घटनाएं मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से किए गए दावे हैं।