Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे; अलीगढ़ से आएगी शाही बारात, शाहरुख खान-विराट कोहली समेत दिग्गजों को न्योता

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख तय हो गई है। आगामी 4 दिसंबर 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों सात फेरे लेंगे। शादी को लेकर रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के परिवारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस शाही विवाह समारोह में क्रिकेट, बॉलीवुड और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

अलीगढ़ से लखनऊ पहुंचेगी बारात, शामिल होंगे 50 से 60 खास मेहमान

जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह की बारात उनके गृह जनपद अलीगढ़ से लखनऊ पहुंचेगी। बारात में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और बेहद करीबी दोस्तों को ही शामिल किया जाएगा। इसके लिए करीब 50 से 60 खास मेहमानों की सूची तैयार की जा रही है। परिवार की योजना बारात को सादगी और गरिमा के साथ लखनऊ ले जाने की है।

इधर, शादी की तैयारियों के बीच रिंकू सिंह सोमवार दोपहर कतर के दौरे पर रवाना हो गए। उन्हें भारत-ए क्रिकेट टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इससे पहले दिवाली के मौके पर वह अपने गृह नगर अलीगढ़ पहुंचे थे, जहां उनका जोरदार स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया गया था।

होने वाली बहू प्रिया सरोज के लिए रिंकू की मां ने खरीदी खास साड़ी

रिंकू सिंह के घर में शादी की रस्मों और खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है। बेटे की शादी को लेकर उनकी मां काफी उत्साहित हैं। उन्होंने अपनी होने वाली बहू प्रिया सरोज के लिए पीले रंग की खूबसूरत पारंपरिक साड़ी खरीदी है। इस दौरान रिंकू की बड़ी भाभी और बहन नेहा भी उनके साथ मौजूद रहीं। परिवार के अन्य सदस्यों और बच्चों के लिए भी नए कपड़ों और गहनों की खरीदारी की जा रही है।

सगाई के बाद दो बार टली शादी, अब

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की प्रेम कहानी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। दोनों की सगाई जून 2025 में लखनऊ के होटल सेंट्रम में हुई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में शादी की चर्चा थी, लेकिन रिंकू के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और व्यस्त शेड्यूल के चलते शादी टालनी पड़ी।

इसके बाद फरवरी 2026 में शादी की तैयारी थी, लेकिन 27 फरवरी 2026 को रिंकू सिंह के पिता खानचंद का आकस्मिक निधन हो गया। परिवार में शोक के चलते शादी का कार्यक्रम एक बार फिर स्थगित कर दिया गया। अब परिवारों की सहमति से 4 दिसंबर 2026 की तारीख तय की गई है।

शाहरुख खान, विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कई दिग्गजों को न्योता

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में खेल, सिनेमा और राजनीति जगत की कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह के लिए बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला समेत कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।

लखनऊ के होटल रमाडा में होगी शादी, अलीगढ़ में होगा रिसेप्शन

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी का मुख्य समारोह 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के होटल रमाडा में आयोजित होगा। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद रिंकू सिंह के गृह नगर अलीगढ़ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।

रिसेप्शन के लिए रिंकू सिंह के घर के नजदीक स्थित होटल यश रेजीडेंसी, पारस ज्योति या गोल्डन स्टोन में से किसी एक स्थान को चुने जाने की चर्चा है। फिलहाल परिवार की ओर से आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *