Yash Maheshwari Controversy: छठ पूजा और सिंदूर पर अश्लील टिप्पणी कर बुरे फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, पटना में FIR दर्ज, महिला आयोग सख्त; गिरफ्तारी की मांग तेज, जल्द हो सकती है बड़ी कार्रवाई!

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी छठ पूजा और विवाहित महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर की गई अपनी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर चौतरफा घिर गए हैं. इस मामले को लेकर राजनीति से लेकर प्रशासनिक स्तर तक हलचल तेज हो गई है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR

वहीं, बढ़ते गुस्से के बीच पटना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए बिहार के DGP से सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है. मान जा रहा है कि जल्द ही कॉमेडियन की गिरफ्तारी हो सकती है.

LJP ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छठ पूजा और सिंदूर की परंपरा पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. पार्टी की ओर से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है.

विवाद बढ़ने पर कॉमेडियन ने मांगी माफी
बिहार की छठ पूजा परंपराओं और विवाहित महिलाओं के सिंदूर लगाने की प्रथा का मजाक उड़ाने के बाद यश माहेश्वरी को सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर भारी आलोचना झेलनी पड़ी. मामला बढ़ता देख उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और सफाई दी कि उनका मकसद किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, साथ ही माना कि उन्हें बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.

पटना पुलिस ने दर्ज की FIR
छठ पर्व और सिंदूर से जुड़े भद्दे मजाक को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इसी नाराजगी और शिकायतों के बीच पटना पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.

अभिषेक मनु सिंघवी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी ने X पर लिखा कि छठ पूजा का मजाक उड़ाना, विवाहित महिलाओं के बारे में अश्लील टिप्पणियां करना और उनके सिंदूर का उपहास करना कॉमेडी की आड़ में सांस्कृतिक गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर घिनौना हमला है.

उन्होंने बिहार पुलिस, दिल्ली पुलिस और सभी संबंधित एजेंसियों से तुरंत संज्ञान लेकर उचित मामला दर्ज करने और कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि संवैधानिक स्वतंत्रता के साथ हमेशा जिम्मेदारी भी आती है.

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने 24 नवंबर 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यश माहेश्वरी पर छठ पूजा करने वाली विवाहित महिलाओं और नाक से लंबा सिंदूर लगाने की पारंपरिक प्रथा को लेकर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को वीडियो की सच्चाई और संदर्भ की जांच करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 और अन्य लागू कानूनी धाराओं के तहत कथित टिप्पणियों की जांच करने, डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने और आरोप सही पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई करने को कहा है. इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाने और 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं.

महिलाओं के सम्मान पर आयोग का कड़ा संदेश
आयोग ने साफ कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना या उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां करना कतई स्वीकार्य नहीं है. महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा सबसे ऊपर है, और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *