जयपुर में PMO अफसर बनकर ठगे 5 लाख, भोपाल में IAS बताकर किसान को बनाया शिकार; 14 साल से कर रहा ठगी, 10 से ज्यादा शिकायतें, नेताओं-अफसरों की तस्वीरों और BJP कार्ड से जमाता था रौब

भोपाल में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले रामानुज गुर्जर के खिलाफ अब एक और मामला सामने आया है। इस बार उसने परवलिया इलाके के एक किसान को अपने झांसे में लिया। किसान ने आरोपी के खिलाफ परवलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने किसान से किस सरकारी काम को कराने के नाम पर कितनी रकम ली। गांधी नगर पुलिस के अनुसार, अब तक उसके खिलाफ 10 से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं।

नरसिंहगढ़ का रहने वाला है रामानुज

रामानुज मूल रूप से नरसिंहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। वह भोपाल की एरोसिटी कॉलोनी में रह रहा था। वह खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी विभागों में अपनी पहुंच और बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का भरोसा दिलाता था।

सोशल मीडिया पर नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें साझा कर रसूख दिखाता था। इसी पहचान के सहारे लोगों को सरकारी काम कराने, लाइसेंस बनवाने और टेंडर दिलाने का झांसा देकर रकम ऐंठता था। आरोपी फिलहाल जेल में बंद है।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बीजेपी का लोगो भी लगाया था।

सोशल मीडिया पर डालता था राजनेताओं और अधिकारियों के साथ खिंचवाई तस्वीरें

आरोपी लोगों को प्रभावित करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता था। वह राजनेताओं और अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें अपने अकाउंट पर साझा करता था। इन तस्वीरों के जरिए खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर दावा करता था कि सरकारी विभागों में उसकी अच्छी पहुंच है।

लोगों को भरोसा दिलाता था कि वह अधिकारियों से सीधे बात कर उनके काम आसानी से करा सकता है। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दिखाता रहा रसूख

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान भी रामानुज अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देता रहा। हालांकि, गांधी नगर पुलिस ने उससे पूछताछ पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। अब पुलिस उसके पुराने मामलों, सोशल मीडिया गतिविधियों और अलग-अलग लोगों से हुए लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

14 साल पहले फर्म में कानूनी सलाहकार बन गया था

रामानुज का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने का पुराना रिकॉर्ड भी सामने आया है। करीब 14 साल पहले जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में उसने खुद को IAS और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी बताया था।

इसी पहचान के आधार पर उसने एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल की और इस दौरान करीब पांच लाख रुपए ऐंठे। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने नाम और पहचान बदलकर दोबारा ठगी शुरू कर दी।

भोपाल में भी उस पर आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर सात लाख रुपए लेने, एक डॉक्टर से प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब 30 लाख रुपए ऐंठने और सरपंचों को सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देने के आरोप हैं।

आरोपी के तीन वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह नोट गिनता दिखाई दे रहा है। उसके पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी मिला है।

हाल ही में एक फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह भी गिरफ्तार की गई थी।

भोपाल में और भी सामने आ चुके हैं फर्जी अधिकारी

रामानुज गुर्जर के मामले के अलावा भोपाल में खुद को IPS और IAS अधिकारी बताकर लोगों को ठगने के दो अन्य मामले भी सामने आ चुके हैं। इन मामलों में आरोपियों ने सरकारी नौकरी, पद और अधिकारियों तक पहुंच का भरोसा देकर लोगों को निशाना बनाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *