तमिलनाडु में फ्लोर टेस्ट पास करने के कुछ घंटे बाद ही मुख्यमंत्री विजय ने ज्योतिषी राधन पंडित को स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर (OSD) पद से हटा दिया। विजय ने पद से हटाने के 24 घंटे पहले ही उन्हें जिम्मेदारी दी थी, लेकिन विपक्ष और सहयोगी पार्टियों के विरोध के बाद फैसला वापस लेना पड़ा।
राधन लंबे समय से विजय के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने विजय के मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी की थी। उनकी सलाह पर ही 10 मई को विजय के शपथ ग्रहण का समय भी बदला गया था। राधन ज्योतिषी होने के साथ TVK के प्रवक्ता भी रहे हैं।

विपक्ष और सहयोगियों ने उठाए सवाल
- TVK की सहयोगी पार्टी MJK के प्रमुख थमीमुन अंसारी ने विधानसभा में कहा कि निजी तौर पर कोई ज्योतिष में विश्वास रखता है तो यह उसकी पसंद हो सकती है, लेकिन सरकार में ज्योतिष नहीं आना चाहिए।
- DMDK महासचिव और विधायक प्रेमलता विजयकांत ने भी एक ज्योतिषी को मुख्यमंत्री का OSD बनाए जाने को निंदनीय बताया है।
- DMK प्रवक्ता TKS एलंगोवन ने कहा था- अब से विधानसभा की कोई भूमिका नहीं रह गई है। सिर्फ समय (मुहूर्त) ज्योतिषियों द्वारा बताया जाएगा। एक ज्योतिषी सिर्फ भविष्यवाणी कर सकता है।के मुताबिक ज्योतिषी राधन और विजय करीब 20 सालों से एक-दूसरे के साथ जुड़े हैं।

विजय की कुंडली को ‘सुनामी जैसा’ बताया था
चुनाव से पहले राधन ने कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और ऑनलाइन वीडियो में विजय की कुंडली को ‘सुनामी जैसा’ बताया था, यानी ऐसी कुंडली जो तमिलनाडु की राजनीति में बड़ी लहर ला सकता है।
उनका यह भी कहना था कि TVK का नाम अंक ज्योतिष और ज्योतिषीय सिद्धांतों के हिसाब से विजय की कुंडली से मेल खाता है। राधन तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के आध्यात्मिक मार्गदर्शक भी रह चुके हैं। उनके पास ज्योतिष विद्या में करीब 40 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है।

फ्लोर टेस्ट में TVK को 144 विधायकों का समर्थन
तमिलनाडु विधानसभा में विजय सरकार ने बुधवार को फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। सदन में कुल 171 विधायक मौजूद रहे। TVK के समर्थन में 144 वोट पड़े।