महंगाई का डबल झटका: मध्य प्रदेश में मिडिल क्लास की शादी 6 लाख तक महंगी, सोना ₹60 हजार और चांदी ₹1.5 लाख उछली, सिलेंडर संकट से बढ़ी टेंशन

मध्य प्रदेश में शादी अब मिडिल क्लास के लिए बड़ा आर्थिक बोझ बनती जा रही है। एक साल में ही शादी का खर्च 5 से 6 लाख रुपए तक बढ़ गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह सोना-चांदी के बढ़ते दाम और सिलेंडर की किल्लत है।

भोपाल के सराफा बाजार में आभूषण पसंद करते दंपती

अगले ढाई महीने में प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शादियां होने वाली हैं। बाजारों में भीड़ है, लेकिन महंगाई ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

सिलेंडर की किल्लत, लकड़ी पर बन रहा खाना

सिलेंडर की कमी ने शादी के खर्च को और बढ़ा दिया है। कैटरर्स ने थाली के रेट 100 रुपए तक बढ़ा दिए हैं। कई जगह अब लकड़ी के चूल्हों और बड़ी भट्टियों पर खाना बनवाया जा रहा है, ताकि आयोजन प्रभावित न हो।

कैटरर्स रिंकू भटेजा ने बताया कि सिलेंडर की कमी से दिक्कतें हैं और कुछ किराना सामान भी महंगा हुआ है। पुरानी बुकिंग पुराने रेट पर हैं, लेकिन नई बुकिंग नए रेट पर की जा रही है। रिसेप्शन की एक प्लेट के रेट 800 से 1000 रुपए हैं। इसमें 100 रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। 500 लोगों के रिसेप्शन में 50 हजार से 1 लाख रुपए तक अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।

सिलेंडर की किल्लत के चलते लोग लकड़ी की भटि्टयों पर खाना बनवा रहे हैं।

भोपाल के करोंद निवासी पंकज यादव के भाई की हाल ही में शादी हुई थी। अब वे चचेरी बहन की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि बजट के कारण कई चीजें कम की गईं। सोना-चांदी महंगा होने से बजट बिगड़ा है। गार्डन और खाने के बाद सबसे ज्यादा खर्च जेवर पर हो रहा है। भाई की शादी में कुल बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ गया था।

1 साल में सोना 60 हजार, चांदी डेढ़ लाख तक महंगी

भोपाल के सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल ने बताया कि बाजार की रीढ़ मिडिल क्लास फैमिली है और रेट बढ़ने का असर सबसे ज्यादा इसी पर पड़ा है। पिछले 1 साल में सोना-चांदी के रेट तेजी से बढ़े हैं।

सोना करीब 60 हजार रुपए तक महंगा हुआ और चांदी के दाम डेढ़ लाख रुपए तक बढ़े हैं। इससे शादी में आभूषण का बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ गया है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी 5 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं

ऐसे समझें बजट का गणित

अग्रवाल ने बताया कि पहले 5 लाख में 2 तोला सोना और 1 किलो चांदी मिलती थी, लेकिन अब 1 तोला सोना और आधा किलो चांदी ही मिल रही है। वजन बढ़ाने पर बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ रहा है। कई लोग मौजूदा बजट में ही ज्वेलरी बनवा रहे हैं।

शादियों की धूम, 14 मई से लगेगा ब्रेक

खरमास समाप्त होने के बाद प्रदेश में शादियों की धूम है। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर हजारों विवाह हुए। 26 अप्रैल को भी शादियां हैं। इसके बाद 5 से 14 मई तक शादियों के शुभ मुहूर्त हैं। फिर एक महीने के लिए वैवाहिक आयोजनों पर ब्रेक लगेगा।

19 जून से 7 जुलाई तक फिर शादी का दौर चलेगा। यानी, ढाई महीने तक प्रदेश में वैवाहिक आयोजन होंगे। इसके अलावा गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत और मुंडन के भी मुहूर्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *