कीर्तिमान रचेंगे कैलाश मकवाना…तो डीजीपी के पैनल को प्रभावित करने का नया खेल शुरू हो जाएगा… कौशल किशोर चतुर्वेदी

कीर्तिमान रचेंगे कैलाश मकवाना…तो डीजीपी के पैनल को प्रभावित करने का नया खेल शुरू हो जाएगा…
सुप्रीम कोर्ट ने गाइडलाइन बनाकर प्रदेशों में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को स्थायित्व देने का काम किया था। प्रकाश सिंह बनाम भारत संघ (2006) मामले और उसके बाद के आदेशों (2018 व 2019) के तहत, सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) की नियुक्ति के लिए एक तय प्रक्रिया निर्धारित की है। राज्य सरकार को वरिष्ठ अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजने होते हैं।यूपीएससी तीन सबसे वरिष्ठ और योग्य अधिकारियों का पैनल तैयार करता है, जिनमें से राज्य सरकार एक को डीजीपी नियुक्त करती है। डीजीपी को कम से कम 2 साल का निश्चित कार्यकाल मिलना चाहिए, ताकि राजनीतिक हस्तक्षेप कम रहे।
राज्य सरकारों को मौजूदा डीजीपी की सेवानिवृत्ति से 3 महीने पहले यूपीएससी को प्रस्ताव भेजना होता है। 2019 के आदेश के अनुसार, विचार के लिए उन्हीं अधिकारियों का नाम भेजा जाना चाहिए जिनकी सेवानिवृत्ति में कम से कम 6 महीने की सेवा शेष हो। सुप्रीम कोर्ट ने कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति पर रोक लगाई है ताकि नियमित प्रक्रिया को टाला न जा सके।
सुप्रीम कोर्ट के प्रकाश सिंह मामले (2006) और बाद के निर्देशों के तहत डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) के लिए न्यूनतम दो वर्ष का कार्यकाल तय किया गया है, ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति की तिथि की परवाह किए बिना काम करने की स्थिरता मिल सके। सामान्यतः यह नियम न्यूनतम कार्यकाल सुनिश्चित करने के लिए है, लेकिन सेवा विस्तार या दो वर्ष से अधिक सेवा के मामले विशेष परिस्थितियों, राज्य/केंद्र की स्वीकृति और संबंधित नियमों व न्यायिक समीक्षा पर निर्भर करते हैं। प्रकाश सिंह दिशानिर्देश मुख्य रूप से न्यूनतम दो वर्ष के कार्यकाल की गारंटी देते हैं। दो वर्ष के बाद अतिरिक्त सेवा विस्तार को लेकर राज्यों में अलग-अलग व्यावहारिक और कानूनी स्थितियां देखी जाती हैं, और कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट या उच्च न्यायालयों में सेवा विस्तार व नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर समीक्षा और विवाद भी सामने आते हैं।
मध्य प्रदेश में डीजीपी कैलाश मकवाना की सेवानिवृत्ति को लेकर गृह विभाग में एक दिन का बड़ा बवंडर मचा था। सेवानिवृत्ति की तारीख अंततः 30 नवंबर तय की गई थी। इस संशोधन के पीछे पैनल में नाम शामिल कराने के लिए आईपीएस वरुण कपूर की दावेदारी सामने आई थी। संशोधन के बाद मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना की 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्ति प्रस्तावित थी। इसके बाद जो घटनाक्रम आगे बढ़ा उसमें गृह विभाग को भनक तक नहीं लगी। और मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना को 3 महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी की बात सामने आ गई। इसके लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। कुछ चर्चाओं में 6 महीने के विस्तार की भी बात सामने आई है। यदि उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार यानी फरवरी 2027 तक कार्यकाल मिलता है, तो नए डीजीपी की नियुक्ति टल जाएगी और नए पैनल के समीकरण भी बदल जाएंगे। यदि मकवाना को एक्सटेंशन मिला तो कम से कम 6 माह मिलेगा। और अगर सचमुच ऐसा हुआ तो डीजीपी के पैनल में बड़ा बदलाव हो जाएगा। क्योंकि अभी तीन माह का एक्सटेंशन मिलने पर वरूण कपूर पैनल से बाहर हो जाएंगे और फिर डीजीपी की रेस प्रज्ञा ऋचा, उपेंद्र जैन और पंकज श्रीवास्तव के बीच होगी। हालांकि, अगर मकवाना को 6 माह का एक्सटेंशन मिला तो उपेंद्र जैन भी पैनल से बाहर हो जाएंगे और अभी पैनल के पांचवें नंबर के सदस्य आदर्श कटियार पैनल में शामिल हो जाएंगे। गौरतलब है कि मकवाना का मौजूदा कार्यकाल अभी 30 नवंबर तक प्रभावी है। ऐसे में इससे पहले कभी भी सरकार मकवाना के एक्सटेंशन का आदेश जारी कर सकती है। लेकिन उससे पहले दूसरे समीकरण भी बन सकते हैं। डीजीपी पद के दावेदार वरुण कपूर यदि खुद को पैनल में शामिल करने के लिए वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना की सेवानिवृत्ति के आदेश को लेकर आगे आ सकते हैं तो वह सेवा विस्तार के जरिए अपनी खत्म होती दावेदारी के खिलाफ भी कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला भी ले सकते हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के ‘प्रकाश सिंह बनाम भारत संघ’ मामले के निर्देशों के तहत राज्यों के डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) को सामान्यतः न्यूनतम दो वर्ष का कार्यकाल मिलता है, जो सेवानिवृत्ति की सामान्य आयु के बावजूद लागू हो सकता है। दो वर्ष पूरा करने के बाद अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलना फिलहाल दुर्लभ और नियमों तथा केंद्र की मंजूरी पर निर्भर है। लेकिन जिस तरह नए डीजीपी के लिए प्रदेश सरकार ने 11 नाम दिल्ली भेजे थे। इनमे से तीन शीर्ष नामों की अलग-अलग प्रोफाइल तैयार करवाई गई थी। इसमें आईपीएस वरुण कपूर, आईपीएस प्रज्ञा ऋचा और आईपीएस उपेंद्र जैन के नाम शामिल हैं। लेकिन अब कैलाश मकवाना यदि सेवा विस्तार पाकर कीर्तिमान रचने जा रहे हैं तब इसका मुख्य असर पैनल के समीकरण बदलने के रूप में सामने आएगा। और यह खेल भविष्य में राज्यों में पैनल के समीकरणों में बदलाव की नई राह खोलेगा। सीधी सी भाषा में समझें तो डीजीपी के पैनल को प्रभावित करने का
नया खेल शुरू हो जाएगा… और तब एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट द्वारा नई गाइडलाइन के जरिए कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति पर लगाई गई रोक से ज्यादा घातक स्थिति सेवानिवृत्त होने जा रहे डीजीपी के कार्य विस्तार के रूप में सामने आएगी। और तब एक दिन फिर सुप्रीम कोर्ट को नई गाइडलाइन जारी कर राज्य और केंद्र के इस नए खेल पर शिकंजा कसना पड़ेगा… और वह दिन ज्यादा दूर भी नहीं होगा।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *