इंदौर मेट्रो के कंपन का ‘रियलिटी चेक’: मल्हारगंज के प्रभावित कॉम्प्लेक्स में जीएम ने किराए पर लिया फ्लैट, निर्माण पूरा होने तक करेंगे मॉनिटरिंग

इंदौर के मल्हारगंज में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन की खुदाई का काम चल रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भूकंप जैसे झटके और कंपन (वाइब्रेशन) महसूस होने को लेकर काम रुकवा दिया। अब इस शिकायत की सच्चाई जानने के लिए मेट्रो के जनरल मैनेजर रणवीर सिंह राजपूत ने खुद उसी प्रभावित इलाके की एक बहुमंजिला इमारत (महंत कॉम्प्लेक्स) में फ्लैट किराए पर ले लिया है।

अब वे वहीं रहकर निर्माण कार्य के दौरान होने वाले कंपन और उसके असर की निगरानी करेंगे। फ्लैट में निगरानी के लिए तकनीकी उपकरण भी लगाए गए हैं।

रहवासियों ने शुक्रवार को हंगामा करते हुए मेट्रो का निर्माण कार्य रुकवा दिया था।

रहवासी बोले- महीनों से कर रहे शिकायत

इलाके के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से कंपन, तेज आवाज और मकानों में दरारें आने की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका सवाल है कि अधिकारियों को सच्चाई जानने के लिए अब खुद फ्लैट में रहने की जरूरत क्यों पड़ गई।

मेट्रो प्रबंधन ने दावों को बताया भ्रामक

मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान सभी तकनीकी जांच की गई, लेकिन कंपन जैसी कोई स्थिति सामने नहीं आई। अधिकारियों के अनुसार खुदाई के दौरान जेसीबी के पंजे से मिट्टी हटाने की प्रक्रिया में हलकी आवाज होती है, जिसे कुछ लोग कंपन समझ रहे हैं। उनका दावा है कि भूमिगत खुदाई से इस तरह का कंपन होना तकनीकी रूप से संभव नहीं है।

मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग शुरुआत से ही परियोजना का विरोध कर रहे हैं और गलत फहमी फैला रहे हैं। उनका कहना है कि रहवासियों की सुविधा के लिए रात में सिर्फ कंक्रीटिंग का काम किया जाता है, जबकि खुदाई और बोरिंग केवल दिन में होती है। अन्य शहरों में मेट्रो का निर्माण 24 घंटे चलता है।

मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि मशीनों में चिपकी मिट्‌टी को हटाने के लिए झटका देना पड़ता है।

कैलाश विजयवर्गीय ने दिया भरोसा

शुक्रवार रात मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी रहवासियों से मिलने पहुंचे और अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि अंडरग्राउंड मेट्रो परियोजना शुरू होने से पहले भी उन्होंने लोगों से कहा था कि निर्माण कार्य से किसी मकान या दुकान को नुकसान नहीं होगा। उन्होंने तब कहा था- दिल्ली के चांदनी चौक की तरह यहां भी काम होगा। एक गमला भी नहीं टूटेगा। अब मेट्रो जीएम की मौके पर मौजूदगी के बाद सभी की नजर इस रियलिटी चेक की रिपोर्ट पर है।

रहवासियों ने प्लास्टर गिरने और कंपन से पानी हिलने के वीडियो शेयर किए हैं।