उज्जैन में पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का है। वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। बाकी की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
छोटे भाई लोकेश (दाएं) ने मौके पर ही दम तोड़ा जबकि बड़े भाई जय (बाएं) की अस्पताल में मौत हो गई।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि पासी परिवार और गोरकर परिवार के बीच बीते होली के त्योहार पर एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश खत्म नहीं हुई।
शनिवार रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी, डंडों, तलवार और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया। आरोप है कि पासी परिवार के सदस्यों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए गए। एक गोली लोकेश गोरकर को लगी। उसकी मौके पर मौत हो गई।लोकेश के बड़े भाई जय और चचेरे भाई तपन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जय ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
देखिए, 4 तस्वीरें…

उज्जैन में दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने वारदात को अंजाम दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। जिन्होंने दोनों भाइयों का एक साथ अंतिम संंस्कार किया।

पिता का निधन हो चुका, परिवार में अकेली मां बची
परिजन के मुताबिक, जय की शादी दो साल पहले ही हुई थी जबकि लोकेश की शादी की बात चल रही थी। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब घर में केवल उनकी मां बची हैं।एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सीनियर पुलिस अफसर और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मुख्य आरोपी नरेश पासी को रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
